न्यू नोएडा: 500 किसानों ने दी जमीन देने की सहमति:15 दिसंबर से शुरू हो सकता है प्राधिकरण का ऑफिस, जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए होगी बैठक

Nov 20, 2026 - 16:37
0
न्यू नोएडा: 500 किसानों ने दी जमीन देने की सहमति:15 दिसंबर से शुरू हो सकता है प्राधिकरण का ऑफिस, जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए होगी बैठक
न्यू नोएडा को जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। 209.11 वर्ग किलोमीटर में बसाए जाने वाले इस नए शहर के लिए अब तक 500 से ज्यादा किसान जमीन देने पर सहमति जता चुके हैं। प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने के साथ अपना प्रशासनिक ढांचा तैयार करना भी शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सिकंदराबाद के पास 3 हजार वर्गफीट की इमारत में न्यू नोएडा का अस्थायी कार्यालय 15 दिसंबर तक शुरू किया जा सकता है। डीएनजीआईआर के ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि किसानों की समस्याएं सुनने और जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों को निपटाने के लिए यह कार्यालय बनाया जा रहा है। यहां सीईओ, ओएसडी, सर्किल अधिकारी और लेखपाल बैठेंगे। इससे किसानों को अपनी समस्याओं के लिए नोएडा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही जमीन अधिग्रहण से जुड़े काम में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी है। इसे दूर करने के लिए जल्द ही न्यू नोएडा के लिए तहसीलदारों की तैनाती भी की जाएगी। कार्यालय शुरू होने के बाद जमीन अधिग्रहण और किसानों से संवाद की प्रक्रिया को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकेगा। जेवर एयरपोर्ट से सीधे जुड़ने की तैयारी, 23 को बैठक न्यू नोएडा को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। इसके लिए 72 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे पर कनेक्टिविटी देने की तैयारी है। योजना के तहत बुलंदशहर के आसपास एक रोटरी बनाने का प्रस्ताव है, जिससे न्यू नोएडा से एयरपोर्ट तक पहुंच आसान हो सके। इस प्रस्ताव को लेकर 23 नवंबर को शासन स्तर पर बैठक होगी। इसमें चोला के पास 2600 एकड़ जमीन और इंटरचेंज बनाने के विकल्प पर चर्चा की जाएगी। बैठक में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश भी शामिल होंगे। इस कनेक्टिविटी के तैयार होने से न्यू नोएडा को एयरपोर्ट के साथ बेहतर सड़क नेटवर्क मिल सकेगा। 80 गांवों की जमीन पर बसेगा शहर न्यू नोएडा का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तैयार किया गया है। इसे गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर विकसित किया जाना है। शहर में करीब छह लाख लोगों के रहने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्राधिकरण गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को परियोजना की जानकारी दे रहा है और आपसी सहमति से जमीन लेने की कोशिश कर रहा है। चार चरणों में 2041 तक विकसित होगा न्यू नोएडा न्यू नोएडा को चार चरणों में विकसित करने की योजना है। पहले चरण में 2023 से 2027 तक 3165 हेक्टेयर जमीन का विकास प्रस्तावित है। दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3798 हेक्टेयर, तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5908 हेक्टेयर और चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8230 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User