सहारनपुर में 4 साल बाद पत्नी को दिया तीन तलाक:50 हजार और बाइक मांगने का आरोप, पति समेत 10 लोगों पर FIR
सहारनपुर में देवबंद क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। वे विवाहिता से 50 हजार रुपए और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। आरोप है कि पति ने अपने परिजनों के कहने पर मायके में पहुंचकर विवाहिता को एक ही बार में तीन तलाक बोल दिया। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्राम साखन कलां निवासी सलमा पुत्री इसरार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 6 अगस्त 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खाताखेड़ी निवासी मोहसीन पुत्र इकराम के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत से अधिक घरेलू सामान और दहेज दिया था। इसके बावजूद पति मोहसीन, ससुर इकराम, सास मोनीजा और परिवार के अन्य लोग दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। वे आए दिन कम दहेज लाने का ताना देते थे और अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपए और मोटरसाइकिल की मांग करते थे। पहले भी मारपीट कर घर से निकालने का आरोप सलमा के मुताबिक, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उसे खाने-पीने तक के लिए मोहताज रखा जाता था। विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी भी इसी परिवार में हुई है। ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन को भी अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करते हैं। उसके पिता गरीब हैं, लेकिन ससुराल वालों की मांग पर पहले भी मजबूरी में रुपए दे चुके हैं। इसके अलावा ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके पिता से उधार भी पैसे लिए थे, जिन्हें वापस नहीं किया। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद परिवार की ओर से कार्रवाई की गई तो दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता हो गया और ससुराल वाले उसे वापस ले गए। कुछ दिन तक उसे ठीक रखा, लेकिन इसके बाद फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे दोबारा मारपीट कर उसके छोटे बेटे सहित केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। मायके में पहुंचकर मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप सलमा ने तहरीर में बताया कि ससुराल पक्ष के लोग पहले उसे वापस ले जाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगे। आरोप है कि 6 मई 2026 को शाम करीब 5 बजे वह अपने पिता के घर पर मौजूद थी। तभी ससुराल पक्ष के सभी लोग एकराय होकर जबरन घर में घुस आए। आते ही कहने लगे कि उन्होंने उसे दहेज की मांग पूरी कराने के लिए यहां भेजा था, लेकिन वह मायके में आराम से रह रही है। विवाहिता के विरोध करने पर आरोपी भड़क गए और घर के अंदर ही उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे कहा कि वह अपनी बहन का बहुत पक्ष लेती है। इसके बाद सभी ने पति मोहसीन से कहा कि आज सलमा को तीन तलाक देकर पीछा छुड़ा ले। वे उसकी कहीं दूसरी जगह शादी करा देंगे, जहां से अच्छा दहेज मिलेगा। सलमा का आरोप है कि इसके बाद पति मोहसीन ने उसे एक ही बार में तीन बार तलाक बोल दिया। शोर सुनकर उसके परिवार के दिलशाद, नफीस और इसरार सहित आसपास के लोग शाहनवाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी घटना देखी और उसे आरोपियों से बचाया। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप विवाहिता ने आरोप लगाया कि जाते समय ससुराल पक्ष के लोग उसे धमकी देकर गए कि यदि उसने कोई कानूनी कार्रवाई की या उनकी दहेज की मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो वे उसे वापस नहीं ले जाएंगे और जान से मार देंगे। महिला थाना पुलिस ने सलमा की तहरीर के आधार पर पति मोहसीन समेत ससुराल पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)