फ्लोर मिल में इलेक्ट्रीशियन की संदिग्ध हालात में मौत:सीतापुर में परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के नवीन चौक स्थित हरकचंद फ्लोर मिल में रविवार देर रात करीब 9 बजे एक इलेक्ट्रिशियन कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कौशल शुक्ल (40) पुत्र ऋषिनाथ शुक्ल निवासी कृष्णानगर, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से मिल में इलेक्ट्रीशियन के पद पर काम कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों ने मिल प्रशासन पर लापरवाही बरतने और घटना की वास्तविक जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई रमेश शुक्ल ने बताया कि रविवार शाम उन्हें मिल के दो कर्मचारियों के जरिए भाई के घायल होने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि घटना के बाद मिल के किसी कर्मचारी ने घायल कौशल को अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी नहीं उठाई और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था की। काफी देर बाद एंबुलेंस मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई रमेश शुक्ल के मुताबिक, मिल से आए लोगों ने बताया था कि कौशल लाइट ठीक करने के लिए गए थे। इसी दौरान नीचे से बिजली चालू कर दी गई। बताया गया कि करंट लगने के बाद वह नीचे गिर पड़े। हालांकि, परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। करंट लगने की बात भी उन्हें दूसरों के माध्यम से पता चली है। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद से मिल का कोई प्रबंधक, अधिकारी या मालिक उनसे मिलने नहीं पहुंचा। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मिल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मृतक के गरीब परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वह मिल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराएंगे। परिजनों की सूचना पर पहुंची रामकोट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल कर रही हैं। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)