ओवैसी-चंद्रशेखर के बीच गठबंधन का एलान आज:लखनऊ में रखी जाएगी यूपी चुनाव में तीसरे मोर्चे की नींव, ओवैसी को मिल सकती हैं 50 सीटें

Nov 12, 2026 - 05:45
0
ओवैसी-चंद्रशेखर के बीच गठबंधन का एलान आज:लखनऊ में रखी जाएगी यूपी चुनाव में तीसरे मोर्चे की नींव, ओवैसी को मिल सकती हैं 50 सीटें
यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश की सियासत में एक नया गठबंधन आकार लेने जा रहा है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेता आज लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। दोनों ही नेता लखनऊ पहुंच चुके हैं। दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ के दयाल पैराडाइस होटल में प्रेस कांफ्रेंस होगी। जहां गठबंधन का एलान किया जाएगा। इसमें गठबंधन के नाम के साथ यह भी बताया जाएगा कि दोनों पार्टियां कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी सूत्रों की मानें तो दोनों पार्टियां मिलकर करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। संभावित सीट बंटवारे में AIMIM को करीब 50 से 60 सीटें मिल सकती हैं। ये वे सीटें होंगी, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। वहीं, बाकी सीटों पर चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। सीटों को लेकर औपचारिक घोषणा प्रेस कांफ्रेंस के दौरान होगी। मुस्लिम-दलित समीकरण पर नजर इस गठबंधन की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत इसका सामाजिक समीकरण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19% और दलित आबादी करीब 21% है। यानी दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी लगभग 40% बैठती है। ओवैसी मुस्लिम बहुल इलाकों में अपनी पार्टी का आधार मजबूत करने में जुटे हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। खासकर पश्चिमी यूपी और रुहेलखंड के इलाकों में दोनों पार्टियों की नजर ऐसी सीटों पर है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका निभा सकती है। करीब 41 विधानसभा सीटें ऐसी बताई जाती हैं, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संयुक्त हिस्सेदारी 50% से अधिक है। ऐसे में दोनों नेताओं को उम्मीद है कि साझा चुनावी मंच से इन सीटों पर मजबूत दावेदारी पेश की जा सकती है। सपा के PDA फॉर्मूले को मिलेगी चुनौती इस गठबंधन का सबसे बड़ा राजनीतिक असर समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर पड़ सकता है। अखिलेश यादव लगातार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एक साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का साथ आना सपा के सामने नई चुनौती खड़ी कर सकता है। 2022 में कैसा रहा था दोनों पार्टियों का प्रदर्शन 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने करीब 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी कोई सीट नहीं जीत सकी। उसे करीब 0.49% वोट मिले थे। दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी ने 100 से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन वह भी खाता नहीं खोल पाई। उसका वोट शेयर करीब 0.13% रहा था। अब दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ने के बजाय गठबंधन के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती हैं। ऐसे में 12 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस को यूपी की 2027 की चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User