पैर छुलाने की परंपरा बंद करिए:राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नसीहत दी; कहा-पूर्व पदाधिकारियों को सम्मान दें, एक दिन आप भी वही बनेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्तमान पदाधिकारियों को दो टूक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पैर छुलाने की परंपरा बंद होनी चाहिए। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि जो पूर्व पदाधिकारी हैं, उनसे सामंजस्य बनाकर चलें, उन्हें सम्मान दें और चुनाव में काम जरूर दें, जिससे वे उपेक्षित महसूस न करें क्योंकि एक दिन सभी को वही बनना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को दोपहर में प्रदेश एवं गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में 2027 में जीत का मंत्र दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य बनाकर चलें। सभी लोग बूथ मजबूत करने के काम में जुटे रहें। भाजपा को लगातार तीसरी बार जीत दिलानी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व पदाधिकारियों का खास ध्यान रखने को कहा। नितिन नवीन ने कहा कि जो लो दो बार या तीन बार क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रदेश में पदाधिकारी या क्षेत्र व जिले में पदाधिकारी रह चुके हैं, उनके पास लंबा अनुभव है। 20 सालों तक उन्होंने पार्टी को खड़ा करने में योगदान दिया। उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिए। विधानसभा चुनाव से पहले उनके साथ समन्वय स्थापित करें और ऐसे सभी पदाधिकारियों को चुनाव में जिम्मेदारी दें। जिससे उन्हें लगे कि उनके पास काम है। उन्हें उपेक्षित न छोड़ें। बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पैर छुलाने की परंपरा भी बंद करें। उन्होंने कहा कि दो तरह के लोग पैर छूने वाले होते हैं। एक वो लोग हैं, जिल्हें आप ने कार्यकर्ता बनाया है और वे सम्मान में आपका पैर छूते हैं। दूसरे वे लोग हैं जो किसी और चाहत से पैर छूते हैं। ऐसे लोगों की संख्या अधिक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही मंच पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, प्रदेश के महामंत्री संगठन धर्मपाल, राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव, प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी अभिजात मिश्र, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय मौजूद रहे। इस बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री डा. बच्चा पांडेय नवीन ने किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, कामेश्वर सिंह, रमेश सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री राहुल श्रीवास्तव, डा. सत्येंद्र सिन्हा, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, रागिनी पांडेय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रणजीत राय बड़े, क्षेत्रीय मंत्री बृजेश राम त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)