पड़री में रामलीला की तैयारियां तेज:पहले दिन कलाकारों ने किया 'नारद मोह' प्रसंग का जीवंत मंचन
श्री रंगारंग राघवेन्द्र रामलीला समिति पड़री मीरजापुर का रामलीला का अभ्यास रविवार की रात से पुनः शुरू हो गया है। खराब मौसम के कारण कुछ दिनों के लिए यह अभ्यास बाधित हो गया था। रात 9 बजे से 11 बजे तक चले इस अभ्यास सत्र में कलाकारों ने आगामी रामलीला मंचन की तैयारियों को तेज कर दिया है। अभ्यास की शुरुआत व्यास जी गनपत अग्रहरि द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक सुमिरनी के साथ हुई। पहले दिन के अभ्यास सत्र में कलाकारों ने 'नारद मोह' प्रसंग का मंचन किया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय की झलक दिखाई। इंद्र का अभिनय अजय ओझा ने किया, कामदेव का अभिनय धीरू अग्रहरि ने और नारद का अभिनय सुनील अग्रहरि ने किया। क्षेत्र की इस अति प्राचीन परंपरा को जीवंत रखने के लिए कलाकारों को नवरात्रि से एक महीने पहले से ही रात 9 बजे से मध्य रात्रि 12 बजे तक कड़ा अभ्यास करना पड़ता है। परंपरा के सफल निर्वहन के लिए कलाकारों को पूरे एक महीने बारह दिनों तक कठिन परिश्रम करना होता है। समिति के पदाधिकारी भी रामलीला के शांतिपूर्ण और भव्य मंचन के लिए जी-जान से जुटे रहते हैं। रिहर्सल के पहले दिन समिति के सभी प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें अजय ओझा (संयोजक), बंशीधर सिंह (प्रबंधक), दरोगा सिंह (सह डायरेक्टर) और अन्य सदस्य शामिल थे। मीरजापुर क्षेत्र में श्री रंगारंग राघवेन्द्र रामलीला समिति पड़री का मंचन अपनी भव्यता और प्राचीन परंपरा के लिए पूरे इलाके में विशेष स्थान रखता है। समिति के इस प्रयास से क्षेत्र में एक बार फिर से भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल बनता नजर आ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)