राजकीय-एडेड कॉलेजों में लाइब्रेरियन भर्ती का रास्ता साफ:प्रवक्ताओं के बराबर वेतनमान होगा, कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार

Nov 30, 2026 - 00:03
0
राजकीय-एडेड कॉलेजों में लाइब्रेरियन भर्ती का रास्ता साफ:प्रवक्ताओं के बराबर वेतनमान होगा, कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार
उत्तर प्रदेश के राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में वर्षों से लंबित प्रवक्ता लाइब्रेरियन भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। शासन स्तर पर भर्ती की नियमावली तैयार कर ली गई है। अब इसे कैबिनेट की मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय रिक्त पदों का विवरण जुटाकर संबंधित चयन आयोगों को अधियाचन भेजेगा। प्रदेश के अधिकांश राजकीय और एडेड महाविद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों के पद खाली हैं। लंबे समय से नियमित नियुक्तियां नहीं होने के कारण पुस्तकालयों की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में नियमावली तैयार होना भर्ती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। गैर-शिक्षण संवर्ग में होगा पद, वेतन प्रवक्ताओं के बराबर नई नियमावली में प्रवक्ता लाइब्रेरियन के पद को गैर-शिक्षण संवर्ग के समूह-ख (नॉन टीचिंग ग्रुप-बी) में रखा गया है। हालांकि, इस पद पर नियुक्त होने वालों को महाविद्यालयों के प्रवक्ताओं के बराबर वेतनमान मिलेगा। यानी संवर्ग की श्रेणी गैर-शिक्षण रहेगी, लेकिन वेतन शिक्षण संवर्ग के समकक्ष होगा। दो आयोगों के माध्यम से होगी भर्ती प्रदेश में 216 राजकीय और 330 एडेड महाविद्यालय संचालित हैं। राजकीय महाविद्यालयों में प्रवक्ता लाइब्रेरियन का चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) करेगा। वहीं, एडेड महाविद्यालयों में भर्ती उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से होगी। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग दोनों श्रेणियों के महाविद्यालयों में रिक्त पदों का ब्योरा जुटाएगा। इसके बाद संबंधित आयोगों को अधियाचन भेजा जाएगा। आयोग भर्ती विज्ञापन जारी करने और चयन प्रक्रिया से जुड़े अगले कदम उठाएंगे। रिक्त पदों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं प्रदेश के दोनों तरह के महाविद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों के अधिकांश पद खाली बताए जा रहे हैं। हालांकि, रिक्त पदों की कुल संख्या का आधिकारिक विवरण अभी सामने नहीं आया है। अधियाचन भेजे जाने के बाद ही वास्तविक रिक्तियों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल भर्ती प्रक्रिया का अगला बड़ा पड़ाव नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी मिलना है। इसके बाद रिक्तियों का निर्धारण और आयोगों को अधियाचन भेजे जाने पर भर्ती का विज्ञापन जारी होने का रास्ता खुलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User