पेंशन निकलवाने का झांसा देकर बुजुर्ग से जेवर ठगे:बैंक में गहने पहनने पर पेंशन न मिलने की बात कहकर चूड़ी-अंगूठी उतरवाई
कानपुर के कल्याणपुर में ठगों ने बुजुर्गों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान एक शातिर युवक ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझाया और पेंशन निकलवाने में मदद करने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपए के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर पुरानी स्टेट बैंक वाली गली तक पहुंचाया इसके बाद बैंक में सोने के जेवर पहनकर जाने पर पेंशन नहीं मिलने की बात कहकर उनकी सोने की चूड़ी और अंगूठी उतरवा ली। जेवर हाथ में आते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। ठगी का एहसास होने पर बुजुर्ग महिला ने पुलिस को सूचना दी। पीड़िता की तहरीर पर कल्याणपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दयानंद विहार फेज-एक निवासी 80 वर्षीय जतिन्दर कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे वह पनकी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी थीं। इसी दौरान क्रॉसिंग बंद होने के कारण एक युवक उनके पास पहुंचा। उसने पहले सामान्य बातचीत शुरू की और फिर परिवार के बारे में पूछताछ करने लगा। बातचीत के दौरान युवक ने महिला को बताया कि उनके बैंक खाते में पेंशन आ गई है। वह चाहें तो उनकी पेंशन निकलवाने में मदद कर सकता है। बुजुर्ग महिला को युवक की बातों पर भरोसा हो गया और वह उसके साथ चलने लगीं। आरोपी उन्हें बहलाकर पुरानी स्टेट बैंक वाली गली में ले गया। वहां उसने महिला से कहा कि हाथ में सोने के जेवर देखकर बैंककर्मी उन्हें पेंशन नहीं देंगे। पेंशन निकलवानी है तो पहले हाथ से सोने की चूड़ी और अंगूठी उतारनी पड़ेगी। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अपनी चूड़ी और अंगूठी उतारकर उसे दे दी। जेवर मिलते ही तेजी से निकल गया आरोपी
महिला से जेवर लेते ही आरोपी तेजी से आगे बढ़ा और कुछ ही देर में उनकी नजरों से ओझल हो गया। काफी देर तक युवक के वापस नहीं लौटने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पीड़िता ने ठगे गए सोने के जेवरों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।
डीसीपी वेस्ट बोले सीसीटीवी फुटेज से शातिरों की तलाश जारी
डीसीपी वेस्ट एसएम क़ासिम अबिदी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)