फिराेजाबाद में बच्चों से भरी ईको वैन पलटी:6 छात्र घायल, एक की हालत गंभीर, FCI गोदाम के सामने हादसा
फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जसराना की ओर से स्कूली बच्चों को लेकर आ रही तेज रफ्तार ईको वैन एफसीआई गोदाम के सामने ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। इनमें एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ईको वैन में झा क्लासेज के बच्चे सवार थे। स्कूल जाने के समय हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल बच्चों को नजदीकी निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बच्चों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई ईको वैन निजी और सवारी उपयोग के लिए पंजीकृत थी। आरोप है कि वाहन के पास स्कूली बच्चों को ले जाने का वैध परमिट नहीं था। इसके बावजूद उसमें बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना निर्धारित सुरक्षा इंतजामों और कथित तौर पर बिना परमिट बच्चों को ले जाने वाले वाहनों पर शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)