फिरोजाबाद में जेएनएम छात्रा का शव रख लगाया जाम:कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की, रेलवे ट्रैक पर मिला था शव
फिरोजाबाद में जेएनएम छात्रा प्रीती की मौत के मामले में गुरुवार शाम परिजनों ने सिविल लाइन पुलिस चौकी के सामने विरोध जताया। शाम करीब 5:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर पहुंचे और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर मैनपुरी रवाना हो गए। रेलवे ट्रैक पर मिला था छात्रा का शव मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के मदन गांव की रहने वाली प्रीती फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग में जेएनएम की पढ़ाई कर रही थी। वह कॉलेज परिसर स्थित हॉस्टल में रहती थी। मंगलवार रात करीब 2:30 बजे उसका शव कॉलेज से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर मिला था। पहचान नहीं होने पर मटसेना पुलिस ने शव को अज्ञात मानकर मोर्चरी भेज दिया था। बुधवार सुबह कॉलेज प्रबंधन ने शव की पहचान प्रीती के रूप में की। प्रधानाचार्य और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट प्रीती के भाई रोहित कठेरिया ने कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रोहित का आरोप है कि यश दक्ष उसकी बहन पर संबंध बनाने का दबाव डालता था। विरोध करने और परिवार को इसकी जानकारी देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में दीवार फांदकर बाहर जाती दिखी छात्रा थानाध्यक्ष विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में प्रीती रात करीब 1:45 बजे कॉलेज की दीवार फांदकर बाहर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन गुरुवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सिविल लाइन चौकी के सामने विरोध जताया। इस दौरान प्रीती के चाचा संगम सिंह, नाना अनिल कुमार और अन्य परिजन मौजूद रहे। मौके पर पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। करीब 45 मिनट तक परिजनों ने विरोध किया और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि शव गाड़ी में था और उसे चौकी के सामने नहीं रखा गया था। उनके मुताबिक, परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया गया, जिसके बाद वे शव लेकर मैनपुरी रवाना हो गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)