फर्जी GSTIN से देशभर में ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार:12 लाख की धोखाधड़ी की, फर्जी फर्मों के नाम पर बिल बना बनाता था निशाना

Nov 15, 2026 - 17:18
0
फर्जी GSTIN से देशभर में ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार:12 लाख की धोखाधड़ी की, फर्जी फर्मों के नाम पर बिल बना बनाता था निशाना
मुजफ्फरनगर में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर देशभर के व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले एक साइबर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गूगल पर सक्रिय फर्मों की जानकारी और उनका GSTIN खोजता था। इसके बाद उन्हीं फर्मों के नाम और GSTIN का इस्तेमाल कर फर्जी बिल तैयार करता और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापारियों से संपर्क करता था। भरोसा जीतने के लिए वह असली उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजता था। भुगतान मिलने के बाद या तो नकली सामान भेजता था या डिलीवरी ही नहीं करता था। मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस ने शनिवार को आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और करीब 8 लाख रुपए के फर्जी बिल बरामद हुए हैं। शटल कॉक की सप्लाई के नाम पर 22,400 रुपए ठगे एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक, साइबर क्राइम थाने में आंध्र प्रदेश निवासी थारुन रेड्डी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मुजफ्फरनगर में पंजीकृत KK ENTERPRISES के नाम से योनेक्स मैविस-350 शटल कॉक की सप्लाई करने का झांसा देकर उनसे 22,400 रुपए की धोखाधड़ी की गई। जांच में सामने आया कि KK ENTERPRISES नाम से मुजफ्फरनगर में वास्तविक फर्म पंजीकृत है, लेकिन उसके नाम और GSTIN का दुरुपयोग कर फर्जी बिल बनाए जा रहे थे। पुलिस जांच में इस धोखाधड़ी के पीछे मेरठ निवासी कुंवरपाल का नाम सामने आया। फर्जी बिल बनाकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से करता था संपर्क एसपी क्राइम ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के बाद कुंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से ग्राम लुहारली, थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर का निवासी है और वर्तमान में जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ में रह रहा था। उसके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक, आरोपी गूगल पर विभिन्न फर्मों की जानकारी खोजकर उनके नाम और GSTIN का डेटा जुटाता था। इसके बाद EXPORT INDIA और VYAPAR APP समेत विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की मदद से उन फर्मों के नाम पर फर्जी बिल तैयार करता था। वह फर्जी जीमेल आईडी और अपने मोबाइल नंबरों के जरिए व्यापारियों से संपर्क करता था। उन्हें उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजकर भरोसे में लेता और भुगतान करा लेता था। 30 सिमकार्ड और 10 जीमेल आईडी का किया इस्तेमाल भुगतान मिलने के बाद आरोपी नकली सामान भेज देता था या माल की डिलीवरी ही नहीं करता था। शिकायत मिलने पर वह पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता था या अपना नंबर बदल लेता था। जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी छिपाने के लिए आरोपी अब तक करीब 30 सिमकार्ड और अलग-अलग फर्मों के नाम पर 10 जीमेल आईडी इस्तेमाल कर चुका था। पिछले एक साल में उसने अपने नाम पर करीब 20 मोबाइल नंबर जारी कराए। शिकायत दर्ज होने के बाद वह इन नंबरों को बंद कराकर नए नंबर ले लेता था। इसके अलावा उसने करीब आधा दर्जन बार अपना पता बदलकर नए पते पर बैंक खाते खुलवाए। इन खातों का इस्तेमाल कथित धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन में किया जाता था। 8 राज्यों में 15 शिकायतें, 12 लाख की ठगी पुलिस के मुताबिक, आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबरों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से अब तक 15 शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में करीब 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी का पता चला है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न फर्मों के नाम से बनाई गई फर्जी ईमेल आईडी के लॉगिन भी मिले हैं। पुलिस अब अन्य शिकायतों और आरोपी के नेटवर्क की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User