फतेहपुर में नवरात्र विसर्जन के दौरान ओवरटेक पर विवाद:दबंगों ने युवकों को पीटा, वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल भी तोड़ा
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नवरात्र पर्व के समापन के बाद दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था की पोल खोलती एक गंभीर घटना सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिसौली चौराहा पर बुधवार की शाम 4 बजे प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे वाहनों के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया।इस मामूली कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया,जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस के पुख्ता सुरक्षा दावों की पोल खुल गई। वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक,विवाद के दौरान कुछ दबंग युवकों ने दो युवकों के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। बात यहीं नहीं थमी, हमलावर युवकों ने पीड़ितों को जबरन एक डीसीएम वाहन में लादकर वहां से ले जाने का कुत्सित प्रयास भी किया। घटना का यह भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपियों की दबंगई साफ तौर पर देखी जा सकती है। गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गए आरोपी इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहे एक युवक पर भी दबंगों का गुस्सा फूट पड़ा। मारपीट कर रहे मुख्य युवक ने उसका मोबाइल झपट लिया और उसे जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी के अन्य साथियों ने युवक और उसके परिवार को जान से मारने की खुली धमकी दी और टूटा हुआ मोबाइल लेकर वहां से भागने लगे। घटनास्थल पर मौजूद कुछ साहसी ग्रामीणों ने जब दबंगों की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और युवक का मोबाइल छीनकर उसे वापस दिलाया। तब जाकर आरोपियों के तेवर ढीले पड़े। इसके बाद हमलावर युवक अपनी दुर्गा प्रतिमा वाली गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गए। दिन दहाड़े हुई इस गुंडागर्दी से स्थानीय लोगों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिला एसपी द्वारा त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए थे और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती का दावा किया जा रहा था। इसके बावजूद विसर्जन यात्रा के दौरान इस तरह की हिंसक और अराजक घटना का होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और मुस्तैदी पर गंभीर सवालिया निशान लगाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)