प्लॉट और प्रतिकर के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे किसान:मेरठ में तीनों योजनाओं के किसानों की महापंचायत, मेडा के घेराव की बनाई रणनीति
मेरठ के वेदव्यासपुरी स्थित धरना स्थल पर बुधवार को वेदव्यासपुरी, लोहियानगर और गंगानगर योजनाओं के किसानों की महापंचायत हुई। इसमें किसानों ने अपने लंबित प्लॉट और प्रतिकर की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने पर चर्चा की। साथ ही मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के घेराव की रणनीति तैयार की। पंचायत में महिला शक्ति ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। महापंचायत में तीनों योजनाओं के किसान प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। किसानों ने कहा कि लंबे समय से प्लॉट और प्रतिकर की मांग लंबित है। अब इस मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दीपावली एमडीए परिसर में मनाने की चेतावनी किसानों ने कहा कि अब पीछे हटने का समय नहीं है। उन्होंने 'अब नहीं तो कभी नहीं' का नारा देते हुए स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर दीपावली भी एमडीए परिसर में मनाई जाएगी। किसानों ने तय किया कि तीनों योजनाओं के किसान एकजुट होकर एमडीए पहुंचेंगे और मांगें पूरी होने तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन में किसी भी किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। महापंचायत में गंगानगर योजना से जसवीर प्रधान, अज्जू भाई, मोहम्मद आमिर और महाराज; लोहियानगर योजना से बाबा धर्मपाल, ईश्वरी मां, मोहसिन, गौरव गुर्जर काजीपुर, उमर घोसीपुर और मुद्रे घोसीपुर शामिल हुए। वहीं, वेदव्यासपुरी योजना से पार्षद प्रशांत कसाना, सुभाष प्रधान, विनोद कुमार उर्फ बिन्नी भैया सहित अन्य किसान मौजूद रहे। पंचायत में किसानों ने एकजुटता के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)