प्रतापगढ़ में करंट से लाइनमैन की मौत:रामपुर बावली फीडर पर शटडाउन लेकर हाईटेंशन तार जोड़ रहा था
प्रतापगढ़ के लालगंज बिजली उपखंड के रामपुर बावली फीडर पर तैनात लाइनमैन की शनिवार दोपहर करीब 2 बजे करंट लगने से मौत हो गई। वह हाईटेंशन तार जोड़ रहे थे। जानकारी के मुताबिक, संतोष खराब हाईटेंशन लाइन की मरम्मत कर रहे थे। उन्होंने काम के लिए विभाग से शटडाउन लिया था। इसके बावजूद तार जोड़ते समय बिजली सप्लाई शुरू हो गई। करंट लगने से संतोष झुलसकर नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोग उन्हें लालगंज के ट्रामा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर संतोष के परिजन अस्पताल पहुंचे। स्थानीय पुलिस ने शाम करीब 4 बजे शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने शटडाउन के बावजूद बिजली सप्लाई शुरू होने की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने बिजली विभाग से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग भी की। सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बिजली विभाग के अधिकारी ने परिजनों से बात की है। उन्होंने कहा कि सभी मांगें पूरी की जाएंगी। मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)