सफाईकर्मी-भर्ती में एक से डेढ़ लाख रुपए मांगने का आरोप:सहारनपुर में महिला-पुरुषों ने कंपनी के पदाधिकारियों पर लगाए आरोप, अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
सहारनपुर नगर निगम में सफाईकर्मियों की भर्ती के लिए कंपनी के पदाधिकारियों पर एक से डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है। नौकरी की आस लगाए महिला-पुरुषों ने शनिवार दोपहर एक बजे सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त भानु प्रताप यादव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कार्रवाई और नौकरी दिलाने की मांग की। आरोप लगाने वालों का कहना है कि पैसे देने वालों को नौकरी पर रखा जा रहा है,जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को चक्कर कटवाए जा रहे हैं। ज्ञापन देने पहुंचे प्रमोद कुमार ने बताया कि भर्ती के दौरान कंपनी के एक पदाधिकारी ने नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे एक लाख रुपये मांगे। प्रमोद कुमार का आरोप है कि रुपये देने से मना करने पर उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया और धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने बताया कि वह पेपर मिल रोड स्थित टैगोर गार्डन कॉलोनी के रहने वाले हैं। उनके साथ करीब 12 से 13 महिला-पुरुष भी हैं,जिन्हें नौकरी नहीं मिली है। प्रमोद कुमार के मुताबिक,इनमें कई महिलाएं विधवा हैं और उनके छोटे बच्चे हैं। कुछ परिवार किराये के मकान में रहते हैं,जबकि कुछ आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि नौकरी के बदले उनसे एक से डेढ़ लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। बरखा नाम की महिला ने बताया कि उसके तीन छोटे बच्चे हैं और पति की मौत हुए करीब तीन साल होने वाले हैं। परिवार चलाने के लिए उसे नौकरी की जरूरत है। उसका आरोप है कि कंपनी के लोग नौकरी देने के नाम पर एक से दो लाख रुपये मांग रहे हैं। प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले मुख्यमंत्री कार्यालय से 10 से 12 महिलाओं को नौकरी पर रखने का आदेश आया था। उनके मुताबिक,3 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश नगर निगम पहुंचा और नगर आयुक्त ने उसे नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भेजा। इसके बावजूद संबंधित महिलाओं को नौकरी नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में आदेश का डिस्पैच नंबर और अन्य दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में डीएम को भी दो बार शिकायत दी गई थी। कंपनी में कथित गड़बड़ी से संबंधित पेनड्राइव भी सौंपी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ितों ने अपर आयुक्त से मांग की कि रिश्वत मांगने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही मुख्यमंत्री के आदेश के अनुसार पात्र महिलाओं को नौकरी दिलाई जाए और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो। उनका कहना है कि गरीब परिवारों के लिए नौकरी उम्मीद का सहारा है, लेकिन यदि नौकरी के लिए ही लाखों रुपये देने पड़ेंगे तो वे कहां जाएंगे।
अपर आयुक्त भानु प्रताप यादव ने बताया कि कुछ लोग उनके पास ज्ञापन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने नौकरी के नाम पर पैसे मांगने की शिकायत की है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से महिलाओं को नौकरी पर रखने के संबंध में जारी कथित आदेश के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों ने ऐसा कोई लिखित आदेश उन्हें नहीं दिखाया है। वे फिलहाल केवल मौखिक रूप से ही इस तरह का दावा कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)