प्रयागराज में एडवोकेट कमिश्नर दुकानों के आवंटन की जांच करेंगे:सरोजिनी नायडू मार्ग पर स्थित हैं, 10 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी
प्रयागराज के सरोजिनी नायडू मार्ग को व्यावसायिक गतिविधियों से मुक्त कराने और अर्बन मार्केट के दुकानदारों के विस्थापन के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अधिवक्ता कुणाल शाह को एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया। उन्हें दुकानों के आवंटन और उनकी वैधता की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने नगर निगम की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगने पर नाराजगी जताई। साथ ही चेतावनी दी कि 10 दिसंबर को संतोषजनक व्यवस्था नहीं बताई गई तो नगर आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। दुकानों के आवंटन पत्र और दस्तावेजों की होगी जांच न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई कर रही है। कोर्ट ने एडवोकेट कमिश्नर कुणाल शाह को अर्बन मार्केट की दुकानों का निरीक्षण करने और दुकानदारों से बातचीत करने की जिम्मेदारी दी है। उन्हें दुकानों के आवंटन पत्र समेत संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। नगर निगम को इस काम में सहयोग के लिए दो अधिकारियों की टीम और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। एडवोकेट कमिश्नर यह काम निःशुल्क करेंगे। पुराने आदेश पर जवाब नहीं देने से नाराजगी इससे पहले 18 नवंबर को कोर्ट ने नगर निगम को चर्च से एजी ऑफिस, एजी ऑफिस से इंदिरा मूर्ति और हाईकोर्ट से बाबा चौराहा तक के क्षेत्र को व्यावसायिक गतिविधियों से मुक्त रखने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने अर्बन मार्केट के दुकानदारों और निवेशकों को दूसरी जगह विस्थापित करने का ठोस प्रस्ताव भी मांगा था। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से अपर महाधिवक्ता एमसी चतुर्वेदी ने पक्ष रखा। दूसरे पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता शशि नंदन पेश हुए। नगर निगम ने जवाब तैयार करने के लिए और समय मांगा। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले आदेश के अनुपालन की जानकारी देने के बजाय फिर समय मांगा जा रहा है। ग्रीन बेल्ट पर खर्च करोड़ों रुपये का भी उठा सवाल सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माघ मेले के समय ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये का भी उल्लेख किया। कोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर उस ग्रीन बेल्ट को किस तरह नष्ट होने दिया गया। क्षेत्र में जारी अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर भी नाराजगी जताई। 10 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई अधिवक्ता अशोक कुमार पांडेय के मुताबिक, कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की है। इस दिन नगर निगम को पुराने आदेश के अनुपालन की जानकारी देनी होगी। संतोषजनक जवाब या व्यवस्था नहीं मिलने पर नगर आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)