पत्नी से फोन पर बात करने वाले युवक की हत्या:मथुरा में पति ने चचेरे भाई के साथ मिलकर गला घोंटा, शव बोरे में भरकर यमुना में फेंका

Nov 21, 2026 - 00:00
0
पत्नी से फोन पर बात करने वाले युवक की हत्या:मथुरा में पति ने चचेरे भाई के साथ मिलकर गला घोंटा, शव बोरे में भरकर यमुना में फेंका
मथुरा के नौहझील कस्बे में पत्नी से फोन पर बातचीत करने के शक में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी पति ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद शव बोरे में भरकर यमुना में फेंक दिया। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए मृतक के कपड़े पेट्रोल डालकर जला दिए और मोबाइल पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। तीन महीने से लापता युवक के हत्याकांड का खुलासा कॉल डिटेल और पुलिस पूछताछ में हुआ। पुलिस यमुना में शव की तलाश कर रही है। 23 अगस्त की रात से लापता था युवक नौहझील कस्बे की नसरा कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र पाठक 23 अगस्त की रात अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो बड़े भाई अशोक कुमार ने 12 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों ने पड़ोसी मोहन पर शक जताया था। उनका कहना था कि देवेंद्र के लापता होने से कुछ दिन पहले मोहन से विवाद हुआ था। बाद में पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज जांच के दौरान पुलिस ने देवेंद्र की कॉल डिटेल खंगाली तो पड़ोसी के मोबाइल पर बातचीत होने की जानकारी मिली। 13 नवंबर को मृतक के भाई ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सीओ अमरनाथ यादव के अनुसार, मोहन ने बताया कि देवेंद्र उसकी पत्नी ऊषा से फोन पर बातचीत करता था। इससे नाराज होकर उसने पत्नी से फोन कराकर देवेंद्र को घर बुलाया। इसके बाद चचेरे भाई श्यामवीर के साथ मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पेट्रोल पंप से खरीदा पेट्रोल, यमुना में फेंका शव पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों ने रात करीब साढ़े तीन बजे पेट्रोल पंप से बोतल में 50 रुपए का पेट्रोल खरीदा और बाइक में 200 रुपए का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद शव को बोरे में रखकर बाइक से शेरगढ़ स्थित यमुना नदी में फेंक दिया। लौटते समय मोबाइल निषादराज तिराहे के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। मृतक के कपड़ों पर पेट्रोल डालकर जला दिया, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें। परिजनों ने थाने पहुंचकर शव बरामदगी की मांग की हत्याकांड का खुलासा होने के बाद मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए। शुक्रवार को पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से यमुना में तलाश अभियान चलाया। मोबाइल बरामद करने के लिए पानी भरे गड्ढे से पंपसेट लगाकर पानी भी निकाला गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव की तलाश के लिए बाहर से गोताखोरों की टीम बुलाई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी हिरासत में है। घटना के बाद कस्बे में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User