पुराने रास्ते के विवाद में तलवार से हमला:देवरिया में एक परिवार के 4 लोग घायल, पिता की हालत गंभीर, 7 नामजद पर केस
देवरिया के लार थाना क्षेत्र के मठवार्ड धूमनगर में पुराने रास्ते और जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शुक्रवार शाम हुई मारपीट में एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार और लाठी-डंडों से हमला किया। घायलों को देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां सूर्यनारायण चौहान की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने रविवार देर शाम सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मठवार्ड धूमनगर निवासी सूर्यनारायण चौहान का गांव के ही राजू चौहान से जमीन और पुराने रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूर्यनारायण के परिवार का आरोप है कि इसी दौरान राजू चौहान के परिवार के लोगों ने तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दरवाजे पर पहुंचकर हमला करने का आरोप सोनम की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक राजू चौहान, जयप्रकाश चौहान, राहुल चौहान, गुड़िया चौहान, गुणवती चौहान, काजल चौहान और पूजा एक राय होकर उनके घर के दरवाजे पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां सूर्यनारायण चौहान से गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिता को बचाने पहुंचे बेटे-बेटी भी घायल हमले में सूर्यनारायण चौहान (45) गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके बेटे धीरज (17) और राजन (15) के साथ भी मारपीट की गई। बेटी सोनम (20) ने भी आरोप लगाया कि उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। मारपीट में धीरज की एक अंगुली कटने की बात तहरीर में कही गई है। चारों घायलों को इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां सूर्यनारायण की हालत गंभीर बताई गई है। 7 नामजद पर हत्या के प्रयास समेत केस पुलिस ने सोनम की तहरीर के आधार पर राजू चौहान, जयप्रकाश चौहान, राहुल चौहान, गुड़िया चौहान, गुणवती चौहान, काजल चौहान और पूजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नामजद आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)