रायबरेली में चोरी के 3 और छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार:चोरी के दो मामलों में 3 लोगों को पकड़ा; नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी भी हिरासत में
रायबरेली पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग थानों में कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। शिवगढ़ पुलिस ने चोरी के दो मामलों में तीन लोगों को पकड़ा। मिलएरिया पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार रात 10 बजे कार्रवाई की जानकारी दी। शिवगढ़ थाने में ग्राम मसन्दखेड़ा मजरे असहन जगतपुर में चौहान के घर से सामान चोरी और ग्राम गौरनखेड़ा मजरे गोविंदपुर में आभूषण चोरी की शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 27 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर त्रिपुला नहर पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से चोरी का सामान मिला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्दन पुत्र राजनारायण निवासी ठकुराइन खेड़ा, मनीष पुत्र कल्लू निवासी थुलेण्डी और विष्णु जायसवाल पुत्र ओमप्रकाश जायसवाल निवासी गल्ला मंडी के रूप में हुई है। तीनों थाना बछरावां क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से दो जोड़ी पाजेब, दो जोड़ी पायल, एक कील और 10,350 रुपये नकद जब्त किए। दूसरी कार्रवाई मिलएरिया थाने की पुलिस ने की। थाने के एक गांव की नाबालिग ने शिकायत में कहा कि स्कूल जाते समय आकाश ने उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आकाश कुमार पुत्र रामसुमेर निवासी कोदरस बुजुर्ग को मंचितपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। नाबालिग के बयान के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। दोनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी बलवन्त सिंह शाही, पंकज कुमार और शिवगढ़ व मिलएरिया थानों की टीमें शामिल थीं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)