ट्रैक्टर लोन में दस्तावेजों से छेड़छाड़ का आरोप:बिजनौर में फाइनांस कंपनी के कर्मचारी समेत तीन पर केस
बिजनौर में ट्रैक्टर लोन के दस्तावेजों में छेड़छाड़ और किश्तें जमा नहीं करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शहर कोतवाली पुलिस ने एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के एरिया कलेक्शन मैनेजर अमित सक्सेना की शिकायत पर जांच शुरू की है। अमित सक्सेना ने शिकायत में कहा कि कंपनी के कर्मचारी प्रिंस तोमर ने 31 जुलाई 2024 को स्वराज 724 एमएक्स ट्रैक्टर के लिए 4.23 लाख रुपये का लोन मंजूर कराया था। इसमें नजीबाबाद के गांव अल्लाहेड़ी निवासी गजेंद्र सिंह को ऋणी और रश्मि को सहऋणी बताया गया। शिकायत के मुताबिक, 24 नवंबर 2024 को एक किश्त जमा हुई, लेकिन इसके बाद भुगतान नहीं किया गया। बकाया किश्तों के बारे में पूछताछ करने पर कंपनी को पता चला कि गजेंद्र सिंह की पत्नी का नाम नीतू देवी है। दस्तावेजों में सहऋणी बताई गई रश्मि, कावेंद्र की पत्नी और गजेंद्र की पड़ोसी है। पत्नी का सिविल खराब था आरोप है कि लोन दिलाने के लिए रश्मि के पहचान पत्र में बदलाव कर उसे गजेंद्र की पत्नी बताया गया। शिकायत में कहा गया कि गजेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी का सिविल रिकॉर्ड खराब होने के कारण लोन मंजूर नहीं हो रहा था। इसी वजह से पहचान से जुड़े दस्तावेजों में बदलाव कर लोन लिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि भूपेंद्र सिंह के पास गजेंद्र सिंह के अलावा तीन अन्य लोन खातों से जुड़े ट्रैक्टर हैं। इन खातों में अमरोहा के अमजद खान, नरेंद्र सिंह और सतेंद्र के नाम हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, चारों लोन प्रिंस तोमर के जरिए मंजूर हुए थे। भूपेंद्र सिंह पर ट्रैक्टरों के संबंध में समझौता कराने की बात कहने का भी आरोप है। शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)