सांप के काटने से 8 साल के बच्चे की मौत:बांदा में खिलौने लेने घर के अंदर गया था, परिजन झाड़-फूंक कराते रहे

Oct 24, 2026 - 14:19
0
सांप के काटने से 8 साल के बच्चे की मौत:बांदा में खिलौने लेने घर के अंदर गया था, परिजन झाड़-फूंक कराते रहे
बांदा में तिंदवारी थाना क्षेत्र के जौरहपुर गांव में शुक्रवार को सांप के काटने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर के अंदर खेलने के लिए खिलौने लेने गया था, तभी उसे सांप ने काट लिया। परिजन उसे इलाज के लिए कई जगह लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। शनिवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जौरहपुर गांव निवासी रामू का बेटा विवेक कक्षा तीन में प्राथमिक विद्यालय तिलका डेरा जौरहपुर में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे विवेक घर के अंदर खेलने के लिए खिलौने लेने गया था। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। बच्चे के बाबा सुरजा ने उसे देखा तो तत्काल सड़क की ओर पहुंचे। इसके बाद पिता चार पहिया वाहन से विवेक को तिंदवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां करीब तीन बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कई जगह ले गए परिजन, नहीं बची जान परिजन बच्चे की मौत स्वीकार नहीं कर सके। वे उसे लेकर भैरमपुर पहुंचे, जहां एक वैद्य ने भी उसे मृत बताया। इसके बाद परिजन बबेरू क्षेत्र के साथी गांव में दूसरे वैद्य के पास पहुंचे, लेकिन वहां भी बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर घर लौट आए। शाम करीब सात बजे वे उसे अतर्रा रोड पर बिसंडा के आगे स्थित नाहर बाबा के पास ले गए। वहां भी बच्चे को मृत बताया गया। देर रात करीब नौ बजे परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने दोबारा मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव शनिवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के तहत की जा रही है। विवेक के पिता रामू मजदूरी करते हैं, जबकि मां आरती घर संभालती हैं। परिजनों के अनुसार, मां तीन दिन पहले बबेरू तहसील क्षेत्र के निभौर गांव गई थीं। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। विवेक चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User