सांसद साक्षी महाराज ने मोदी-योगी की तारीफ की:उन्नाव में बोले- जो ठान लेते हैं वो करते हैं, मायावती सपा के आतंक की भुक्तभोगी

Nov 28, 2026 - 12:26
0
सांसद साक्षी महाराज ने मोदी-योगी की तारीफ की:उन्नाव में बोले- जो ठान लेते हैं वो करते हैं, मायावती सपा के आतंक की भुक्तभोगी
उन्नाव में शनिवार सुबह सांसद साक्षी महाराज ने अपने जनसंपर्क कार्यालय में जनता दर्शन किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। साक्षी महाराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देश में कोई तोड़ नहीं है। दोनों नेता उनके लिए सम्माननीय हैं। छोटी-छोटी बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अलग-अलग बयान आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा। पत्रकारों ने अपनी तरफ से बातें जोड़ ली हैं। उन्होंने कहा कि उनका कद ऐसी बातों पर टिप्पणी करने लायक नहीं है। फिलहाल चुनाव सामने है और पार्टी की प्राथमिकता चुनाव जीतना है। स्वास्थ्य विभाग और सीएमओ से जुड़ी शिकायतों पर साक्षी महाराज ने कहा कि यह पुरानी समस्या है और इसका इलाज धीरे-धीरे हो पाता है। स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई मामला उनके संज्ञान में आता है, तो वह जिलाधिकारी या सीएमओ को जानकारी देते हैं और तुरंत कार्रवाई की कोशिश होती है। जनपद बड़ा है और एक व्यक्ति हर मामले पर नजर नहीं रख सकता। प्रशासन और सरकार को जानकारी मिलने पर कार्रवाई होती है। सांसद ने सचिन शुक्ला की ओर से उनके संज्ञान में लाए गए एक मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी तुरंत जिलाधिकारी को दी थी। खनन से जुड़े एक मामले में भी उन्होंने नाराजगी जताकर प्रशासन को जानकारी दी थी। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। मायावती के बयान पर बोले- वह सपा के आतंक की भुक्तभोगी समाजवादी पार्टी के पीडीए घोषणा पत्र पर बसपा सुप्रीमो मायावती की टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि बहन मायावती समाजवादी पार्टी के आतंक की भुक्तभोगी रही हैं। उन्होंने उस दौर को देखा ही नहीं, बल्कि झेला भी है। उन्होंने कहा कि हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और होते हैं। मायावती ने मीडिया के सामने अपने अनुभव साझा किए हैं, इस पर वह कोई टिप्पणी करना उचित नहीं समझते। परिसीमन विधेयक का किया स्वागत संसद में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और महिलाओं के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री संकल्पित हैं। मोदी जी जब कोई काम करने की ठान लेते हैं तो उसे पूरा करके छोड़ते हैं। उन्होंने लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में अंतर का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोकसभा क्षेत्रों में करीब आठ लाख मतदाता हैं, जबकि उन्नाव में यह संख्या लगभग 30 लाख तक पहुंच रही है। इसके बावजूद सांसदों को विकास कार्यों के लिए समान पांच करोड़ रुपये मिलते हैं। ऐसे में मतदाताओं की संख्या के अनुपात में संसदीय क्षेत्रों के बीच असमानता दूर करने की जरूरत है। उन्होंने परिसीमन विधेयक का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार का अभिनंदन किया। एक दिन में आधा दर्जन कार्यक्रमों में होंगे शामिल संसदीय क्षेत्र के दौरे और कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने बताया कि जब भी वह सप्ताह में अपने क्षेत्र में आते हैं तो कार्यक्रमों की लंबी सूची तैयार रहती है। शनिवार को भी उनके करीब आधा दर्जन कार्यक्रम हैं। इनमें संविधान सम्मान, संविधान बचाव, गांव की चौपाल, जनता दर्शन और श्रीमद्भागवत कथा में दीप प्रज्वलन शामिल है। इसके अलावा 84 क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा के दौरान गरीबों को कंबल वितरण और एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की सूची पार्टी अध्यक्ष के पास है और वह क्षेत्र के लोगों से मिलने तथा निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User