कौशांबी में ड्यूटी पर रील बनाने वाले डॉक्टर पर कार्रवाई:निजी अस्पतालों के प्रचार का आरोप, बिना बताए ड्यूटी से गायब रहे

Nov 25, 2026 - 17:04
0
कौशांबी में ड्यूटी पर रील बनाने वाले डॉक्टर पर कार्रवाई:निजी अस्पतालों के प्रचार का आरोप, बिना बताए ड्यूटी से गायब रहे
कौशांबी मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी के दौरान रील बनाने और निजी अस्पतालों का प्रचार करने के आरोप में प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने डॉक्टर ओपी चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की है। डॉक्टर पर मरीजों और तीमारदारों से दुर्व्यवहार, कर्मचारियों को धमकाने और बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने के आरोप भी हैं। वहीं, डॉक्टर ने प्राचार्य पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मरीजों और कर्मचारियों से दुर्व्यवहार की शिकायत प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टर ओपी चौधरी के व्यवहार को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई जनप्रतिनिधियों ने भी शिकायत की थी। आरोप है कि डॉक्टर स्टाफ से गाली-गलौज करते थे और उन्हें धमकाते थे। कई बार समझाने के बाद भी उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। प्राचार्य के मुताबिक, डॉक्टर ओपीडी में समय पर नहीं बैठते थे और मरीजों को नियमित रूप से देखने भी नहीं जाते थे। वह बिना छुट्टी मंजूर कराए चार दिन तक ड्यूटी से गायब रहे। मरीजों को परेशानी होने पर फोन किया गया तो उन्होंने इस्तीफा देने की बात कही। इसके बाद वह कार्यालय पहुंचे और इस्तीफा सौंप दिया। सरकारी अस्पताल में निजी अस्पताल का प्रचार करने का आरोप प्राचार्य ने बताया कि डॉक्टर ने सरकारी अस्पताल की ओपीडी में प्रचार बोर्ड लगा रखा था। मेडिकल कॉलेज के गेट के बाहर और आसपास के निजी अस्पतालों के बाहर भी उनके प्रचार के होर्डिंग लगे थे। आरोप है कि वह मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों को निजी अस्पतालों में दिखाने के लिए कहते थे। मरीजों की रील सोशल मीडिया पर डालने पर भी सवाल प्राचार्य ने मरीजों की रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि मरीजों की निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करना ठीक नहीं है। डॉक्टर के इस्तीफे की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जाएगी। डॉक्टर ने प्राचार्य पर लगाया प्रताड़ना का आरोप कार्रवाई के बाद डॉक्टर ओपी चौधरी ने भी प्राचार्य पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्राचार्य ने वार्ड से उनका बोर्ड हटवा दिया और उन्हें प्रताड़ित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User