सेनपश्चिम पारा में युवक ने फंदा लगाकर जान दी:पत्नी चाय देने पहुंची तो दुपट्टे से पंखे पर लटका मिला शव; फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
कानपुर के सेनपश्चिम पारा में बुधवार सुबह एक युवक ने घर के दूसरे कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह पत्नी पति को चाय देने कमरे में पहुंची तो उसका शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकता देखकर चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। युवक का शव देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह उठकर दूसरे कमरे में चले गए थे संजय सेनपश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर निवासी संजय साहू (43) पेशे से ड्राइवर थे। परिवार में पत्नी पूजा साहू, दो बेटे प्रिंश और यश हैं। इसके अलावा परिवार में मां गंगोत्री देवी और तीन भाई राजेश व श्रवण समेत अन्य सदस्य हैं। संजय भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई राजेश साहू ने बताया कि बुधवार सुबह संजय रोज की तरह सोकर उठे थे। इसके बाद वह फ्रेश होने गए और फिर घर के दूसरे कमरे में चले गए। कुछ देर बाद पत्नी पूजा उनके लिए चाय लेकर कमरे में पहुंचीं। वहां पति का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। वह चीखने-चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने संजय को फंदे से लटकता देखा तो उनमें चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही सेनपश्चिम पारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की। आत्महत्या की वजह नहीं बता सके परिजन पुलिस की शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य चल रहा था। संजय ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच के साथ ही अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन वे आत्महत्या की वजह नहीं बता सके हैं। मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)