शादी से पहले गोंडा के डिलीवरी बॉय की मौत:दिल्ली में सड़क हादसे में तोड़ा दम, देर शाम घर पहुंचा शव
गोंडा में दिल्ली में हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे उसका शव पैतृक गांव नरायनपुर जयसिंह डीहा पहुंचा। बेटे का शव देखते ही माता-पिता बेहोश हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मार्च 2027 में शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। डिलीवरी देने जा रहा था, स्कूटी ने मारी टक्कर परसपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर जयसिंह डीहा गांव निवासी 21 वर्षीय मुकेश वर्मा दिल्ली की एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दुर्गेश सिंह और मृतक के चचेरे भाई अर्जुन वर्मा ने बताया कि रविवार को मुकेश बाइक से करोलबाग इलाके में सामान की डिलीवरी देने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घर पर जुट गए। तीन भाइयों में सबसे छोटा था मुकेश परिजनों ने बताया कि मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई संदीप (35) और कुलदीप (26) हैं। परिवार में एक बहन फूलकुमारी भी है। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी थी। मुकेश की शादी आगामी मार्च में तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। मुकेश के पिता लालचंद वर्मा गांव में खेती-किसानी करते हैं। बेटे की मौत से माता-पिता पूरी तरह टूट गए हैं। जिस घर में कुछ महीने बाद शादी की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)