शामली में सैनिक कल्याण कार्यालय भवन का लोकार्पण:मुख्यमंत्री योगी ने किया वर्चुअल उद्घाटन; वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को शामली में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवन का वर्चुअल लोकार्पण किया। प्रदेश के पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान शामली समेत आठ जिलों में सैनिक कल्याण कार्यालय भवनों और विश्राम गृहों का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। शामली में हुए कार्यक्रम में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर का संबोधन एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आलोक यादव और यूपी सिडको के अधीक्षण अभियंता महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। जिले के करीब 50 पूर्व सैनिक और उनके आश्रित कार्यक्रम में शामिल हुए। नए भवन में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शहीद सैनिकों के आश्रितों और उनके परिवारों को सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास से जुड़े कामों के लिए कार्यालय की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करने की घोषणा की। उन्होंने स्टांप ड्यूटी में छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का भी ऐलान किया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)