शामली में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गोवर्धन पूजा:किसानों ने घरों में गोबर से बनाई गोवर्धन महाराज की आकृति
शामली में सोमवार को गोवर्धन पूजा का पर्व परंपरागत तरीके से धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई गई। परिवार के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। शहर में गोवर्धन पूजा के लिए पारंपरिक गन्नों की बिक्री हुई। दुकानदारों के अनुसार, दो गन्नों का भाव 50 रुपये रहा। किसानों ने हल और फावड़े की पूजा की गोवर्धन पूजा का किसानों के लिए विशेष महत्व है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसके पास खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले औजार रखे। इनमें हल, फावड़ा और अन्य कृषि उपकरण शामिल रहे। किसानों ने खेतों, फसलों और पशुधन की खुशहाली की कामना की। मान्यता है कि खेती और पशुधन ही किसान परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार हैं। इसलिए इस पर्व पर गायों और अन्य पशुओं की सेवा को विशेष महत्व दिया जाता है। जिलेभर में लोगों ने गायों को चारा खिलाया और उनकी देखभाल की। विधायक ने की गौसेवा, नायब तहसीलदार पहुंचे गौशाला सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने भी अपने आवास पर गायों की सेवा कर गोवर्धन पर्व मनाया। वहीं, शामली के नायब तहसीलदार त्रिपुरेश मणि त्रिपाठी गौशाला पहुंचे। उन्होंने गायों को चारा खिलाया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कई घरों में परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ पूजा में भाग लिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में ब्रज के लोग वर्षा के देवता इंद्र की पूजा करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि उनके जीवन और आजीविका का आधार गोवर्धन पर्वत, प्रकृति, जंगल, जल और पशुधन हैं। इसके बाद उन्होंने इंद्र के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का संदेश दिया। इससे नाराज होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। लगातार बारिश से लोगों और पशुओं को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया। इसके नीचे ब्रजवासियों और उनके पशुओं ने शरण ली। सात दिन तक पर्वत को उठाए रखने के बाद इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ। इसी मान्यता के चलते गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्वत, पशुधन और अन्न के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक मानी जाती है। घरों में गोबर से बनाई जाती है गोवर्धन की आकृति गोवर्धन पूजा के दिन घरों के आंगन में गोबर से पर्वत की आकृति बनाई जाती है। इसे फूलों, रोली और पूजन सामग्री से सजाया जाता है। आसपास गाय और बछड़ों की आकृतियां भी बनाई जाती हैं। परिवार के सदस्य दीपक जलाकर, रोली-अक्षत और मिठाई का भोग लगाते हैं। कई स्थानों पर गोवर्धन की परिक्रमा करने की भी परंपरा है। इस दिन अन्नकूट का भी विशेष महत्व होता है। घरों और मंदिरों में तरह-तरह के पकवान और सब्जियां बनाकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जाता है। मंदिरों में अन्नकूट प्रसाद का वितरण भी किया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)