सहारनपुर में सड़क-नाली निर्माण को लेकर पार्षद के घर हंगामा:पार्षद का आरोप- पत्नी से भी गाली-गलौज, 18-20 लोगों ने की मारपीट; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Nov 06, 2026 - 06:22
0
सहारनपुर में सड़क-नाली निर्माण को लेकर पार्षद के घर हंगामा:पार्षद का आरोप- पत्नी से भी गाली-गलौज, 18-20 लोगों ने की मारपीट; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सहारनपुर के रोहिणी गार्डन कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कॉलोनी के लोगों ने वार्ड-27 के पार्षद वीरसैन कुमार के घर पहुंचकर हंगामा किया। पार्षद के साथ मारपीट की गई। उनकी पत्नी से भी गाली-गलौज की गई। पार्षद ने राघव ढींगरा समेत अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पार्षद वीरसैन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रोहिणी गार्डन कॉलोनी अनअप्रूव्ड कॉलोनी है। शासन के निर्देशों के अनुसार नगर निगम की ओर से ऐसी कॉलोनियों में सड़क और नाली निर्माण नहीं कराया जा सकता। इसके बावजूद वह अपने वार्ड का जनप्रतिनिधि होने के नाते कॉलोनी में विकास कार्य कराने के लिए नगर निगम में लगातार पत्र दे रहे थे। कॉलोनी में आबादी कम होने और अनअप्रूव्ड होने के कारण विकास कार्यों में बाधा आ रही थी। पार्षद के मुताबिक, उन्होंने महापौर और नगर आयुक्त के सामने भी कई बार कॉलोनी में विकास कार्य कराने की मांग रखी। इसके बाद अधिकारियों ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए रोहिणी गार्डन स्थित श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर के सामने जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पानी की निकासी का टेंडर पास कर दिया। टेंडर के तहत मंदिर के सामने से पानी की निकासी का काम होना था। सुबह घर पहुंचकर पत्नी से की गाली-गलौज पार्षद ने तहरीर में आरोप लगाया कि 4 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे राघव ढींगरा अपने साथ 7-8 अज्ञात लोगों को लेकर उनके घर पहुंचा। उस समय वह बाथरूम में नहा रहे थे। घर की घंटी बजने पर उनकी पत्नी ने दरवाजा खोला। पत्नी ने आने वाले लोगों से उनके बारे में पूछा तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद पार्षद बाथरूम से बाहर आए तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। पार्षद के अनुसार, उन्हें उसी दिन किसी काम से चंडीगढ़ जाना था। वह चंडीगढ़ चले गए और शाम को वापस लौटे। रात करीब 8:26 बजे राघव ढींगरा ने उन्हें फोन किया। पार्षद ने उससे अगले दिन सुबह 10:30 बजे अपने कार्यालय में मिलने के लिए कहा था। रात 8:40 बजे दोबारा घर पहुंचे लोग पार्षद का आरोप है कि इसके बावजूद रात करीब 8:40 बजे राघव ढींगरा, विकास के दो अज्ञात लड़के, आशू और रोहिणी गार्डन कॉलोनी के कुछ लोगों को इकट्ठा कर उनके घर पहुंच गए। उस समय भी वह टॉयलेट-बाथरूम में थे। उनकी पत्नी ने लोगों से कहा कि वे अगले दिन सुबह 10:30 बजे कार्यालय पहुंचें। वहां जिम्मेदार लोगों के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी। कॉलोनी के विकास कार्यों के लिए टेंडर पास हो चुका है और काम जल्द शुरू करा दिया जाएगा। इसके बावजूद लोग नहीं माने। तहरीर के अनुसार, कुछ लोगों ने कहा कि वे आज यहीं रुकेंगे और आज ही मामला निपटाकर जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज पार्षद को देखेंगे कि वह उनकी सड़क कैसे नहीं बनवाता। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर पार्षद की पत्नी के साथ गाली-गलौज की। समझाने पर पार्षद से मारपीट, बीच-बचाव करने वालों को भी पीटा पार्षद वीरसैन कुमार का आरोप है कि कमरे से बाहर आने पर उन्होंने लोगों को समझाया कि टेंडर पास हो चुका है और जल्द ही काम करा दिया जाएगा। लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं मानी और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उस समय उनके वार्ड के कुछ लोग विकास कार्यों के सिलसिले में उनके घर आए हुए थे। उन्होंने विवाद होते देखकर बीच-बचाव करने और आरोपियों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। पार्षद ने तहरीर में बताया कि करीब 18-20 लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने उनकी पत्नी को भी अपने बीच घेरकर गाली-गलौज की। पार्षद का कहना है कि घटना के दौरान उनकी पत्नी और वह खुद काफी डरे हुए थे। जान से मारने की धमकी देने का आरोप पार्षद ने आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर पर झगड़ा करने और मारपीट करने की यह तीसरी घटना है। पार्षद ने कहा कि वह सभी आरोपियों को पहचानते हैं, लेकिन अभी उनके नाम नहीं जानते। पहचान के आधार पर बाद में नाम बता देंगे। उन्होंने पुलिस से घर पर आकर अभद्रता करने, गाली-गलौज और मारपीट करने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पार्षद ने यह भी कहा कि उनके कार्यालय में विकास कार्यों के लिए आए वार्ड के लोगों और महिलाओं के साथ भी गाली-गलौज की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। पार्षद वीरसैन कुमार पुत्र भोपाल सिंह, निवासी प्रेमपुरी कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User