सहारनपुर में टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज:तन्मय ने 29 गेंदों पर नाबाद 66 तो अभिमन्यु ने 30 गेंदों पर बनाए नाबाद 60 रन
सहारनपुर के मल्हीपुर रोड स्थित नालंदा वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को जिला स्तरीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) से संबद्ध इस प्रतियोगिता में जिले के 14 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्घाटन एपेक्स मेंबर लतीफ उर रहमान, सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी ऋषि चौधरी और मुकुल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में सेंट मैरी एकेडमी मिशन कंपाउंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल को शिकस्त दी। आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल की ओर से कृष्णा गश्यप ने 27 रन, नटेक ने 28 रन और राजवर्धन ने 28 रन का योगदान दिया। टीम के बल्लेबाजों ने अपनी ओर से अच्छा प्रयास किया, लेकिन सेंट मैरी के बल्लेबाजों के सामने जीत के लिए जरूरी चुनौती पेश नहीं कर सके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट मैरी एकेडमी मिशन कंपाउंड की टीम की ओर से तन्मय और अभिमन्यु ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। तन्मय ने महज 29 गेंदों पर नाबाद 66 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि अभिमन्यु ने 30 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। गेंदबाजी में शौर्य ने तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए तन्मय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अर्नव भुल्लर ने छह विकेट लेकर पलटा मैच दिन का दूसरा मुकाबला सोफिया इंटरनेशनल स्कूल और सेंट मैरी एकेडमी सरसावा के बीच खेला गया। इसमें सोफिया इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। सोफिया की ओर से अब्दुल अली ने 38 रन और सावन ने 22 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं गेंदबाजी में अर्नव भुल्लर ने अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। उन्होंने छह विकेट हासिल कर मुकाबले में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्नव भुल्लर को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर देना है। टूर्नामेंट में जिले के 14 स्कूलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिससे युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्कूल के चेयरमैन सुभाष चौधरी, डायरेक्टर मुकुल चौधरी, प्रधानाचार्य आशुतोष शर्मा, कोच विवेक शर्मा, विक्रांत सिंह विक्की, पीटीआई मनपाल सिंह, अक्षय कुमार, श्रीकांत चौधरी और मानसी धीमान का विशेष सहयोग रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)