MDA परिसर में कल से किसान करेंगे भूख हड़ताल:देव दीवावली पर अधिकारियों की सदबुद्वि के लिए मंगवाया गंगाजल
मेरठ में मुआवजे और प्लॉट की मांग को लेकर MDA परिसर में किसानों का धरना सोमवार को 24वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज किसानों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। किसानों ने घोषणा की है कि बुधवार से धरना स्थल पर भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी। इसके साथ ही 30 नवंबर को प्रस्तावित महापंचायत के लिए जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया गया है। देव दीपावली के अवसर पर किसानों ने गढ़ गंगा से गंगाजल भी मंगवाया। किसानों ने बताया कि बुधवार को इस गंगाजल का MDA परिसर में छिड़काव किया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए कामना की जाएगी, ताकि किसानों की मांगों पर सुनवाई हो और समस्या का समाधान निकल सके। किसानों ने स्पष्ट किया कि मुआवजे और प्लॉट की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि 24 दिन से धरना देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। मुआवजे और प्लॉट की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी को देखते हुए किसानों ने भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। इसमें कुछ किसान शामिल होंगे, जबकि अन्य किसान महापंचायत की तैयारियों में जुटेंगे। महापंचायत के लिए गांवों में संपर्क किसानों ने 30 नवंबर को MDA परिसर में महापंचायत बुलाई है। इसके लिए आसपास के गांवों में जनसंपर्क शुरू कर दिया गया है। किसान यूनियनों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। किसानों की कोशिश है कि महापंचायत में अधिक से अधिक किसान और संगठन शामिल हों। इसमें आंदोलन की आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)