सहुरापुर पंप कैनाल की एक मोटर बंद मिली:विधायक बोले- 2 दिन में सही करें, माइनरों के आखिरी छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश
हमीरपुर में किसानों को सिंचाई के लिए नहरों का पानी मिल रहा है या नहीं, यह देखने के लिए सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने शनिवार शाम करीब 4 बजे सहुरापुर और सहजना पंप कैनाल का निरीक्षण किया। सहुरापुर में पांच में से एक मोटर बंद मिली। सेकंड स्टेज तक पानी नहीं पहुंच रहा था। कई कुलाबे भी क्षतिग्रस्त मिले। इस पर विधायक ने अधिकारियों को दो दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सहुरापुर में पांचवीं मोटर चालू कराने को कहा सहुरापुर पंप कैनाल में चार मोटरें चल रही थीं। विधायक ने अधिशासी अभियंता शरद चौहान से पांचवीं मोटर तत्काल चालू कराने को कहा। उन्होंने सेकंड स्टेज से चलने वाली उजनेड़ी माइनर के आखिरी छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। भकौल और कुंडौरा माइनर में भी पानी पहुंचाने को कहा। विधायक ने क्षतिग्रस्त कुलाबों की मरम्मत दो दिन में पूरी कराने और नहर के आखिरी छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। सहजना में तीनों मोटरें चलती मिलीं इसके बाद विधायक सहजना पंप कैनाल पहुंचे। यहां तीनों मोटरें पूरी क्षमता से चल रही थीं। हालांकि, कलौलीतीर मौजा के किसानों ने सिंचाई की समस्या बताई। विधायक ने अधिकारियों को दो दिन में समस्या दूर करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर पलेवा के लिए पानी मिल सके और फसल प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान एई सृष्टि चौहान, जेई रामबाबू और प्रकाश पटेल, पौथिया प्रधान आशीष सचान, उजनेड़ी प्रधान संजय पाल, सहजना प्रधान विनोद निषाद और किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)