सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव:जालौन में परिजनों को हर संभव मदद का दिया भरोसा
जालौन के उरई स्थित शांतिनगर मोहल्ले में रविवार शाम हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवारों की सुध ली है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सभासद माता प्रसाद के आवास पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली और घायलों के स्वास्थ्य व उपचार की स्थिति के बारे में पूछा। सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा मंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। घायलों के बेहतर उपचार से लेकर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार सरकार के संपर्क में है और घायलों के इलाज की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी घायल को उपचार में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। चाय बनाते समय सिलेंडर में लगी थी आग, 23 लोग झुलसे गौरतलब है कि उरई के शांतिनगर मोहल्ले में सभासद माता प्रसाद के आवास पर रविवार शाम करीब 5:50 बजे चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई थी। इसके बाद हुए जोरदार विस्फोट से मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए थे। हादसे में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों समेत 23 लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। घटना के बाद से प्रशासन घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में जुटा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)