लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश:युवक का दिल्ली में चल रहा इलाज, पुलिस ने बंदूक कब्जे में लिया
रामपुर के गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला घेर जानस खां में लाइसेंसी दोनाली बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश करने वाले युवक के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से युवक के पिता की लाइसेंसी बंदूक और उसका मोबाइल फोन कब्जे में लिया है। बंदूक सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, युवक का दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में सुधार है। कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे थे परिजन घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है। घेर जानस खां निवासी पतंग कारोबारी नईम खां का 19 वर्षीय बेटा फूल शाह उर्फ हासिम अपने कमरे में था। इसी दौरान कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन अंदर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके चेहरे और जबड़े में गोली लगी थी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मुरादाबाद ले गए और फिर बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार भी जानना चाहता है आत्महत्या की कोशिश की वजह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे युवक के भाई नईम ने बताया कि पुलिस उनके घर से पिता की लाइसेंसी बंदूक और भाई का मोबाइल फोन अपने साथ ले गई है। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग भी जानना चाहते हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में उनके भाई ने यह कदम उठाया। हालांकि, उन्हें भी इसकी वजह की जानकारी नहीं है। बंदूक सीज करने की कार्रवाई कर रही पुलिस थाना प्रभारी हिमांशु सिंह ने बताया कि घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उसे मुरादाबाद और फिर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत में सुधार है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बंदूक को सीज करने की कार्रवाई चल रही है। युवक ने किन कारणों से पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारी, इसकी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)