सुल्तानपुर में धनतेरस पर 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार:2,500 से अधिक बाइकें बिकीं, 3 लाख से महंगी तीन बाइकें भी खरीदीं

Nov 06, 2026 - 22:52
0
सुल्तानपुर में धनतेरस पर 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार:2,500 से अधिक बाइकें बिकीं, 3 लाख से महंगी तीन बाइकें भी खरीदीं
सुल्तानपुर में धनतेरस पर शुक्रवार को शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक जमकर खरीदारी हुई। व्यापारियों के मुताबिक, जिले में 400 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। त्योहार को देखते हुए बाजार में करीब 625 करोड़ रुपए का सामान उतारा गया था। सबसे ज्यादा मांग वाहनों, सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और कपड़ों की रही। बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। वाहन कारोबार से जुड़े सरदार बलदेव सिंह ने बताया कि इस बार बड़े वाहनों के नए मॉडल की मांग अधिक रही। इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी ग्राहकों में रुचि दिखी। मांग के मुकाबले सप्लाई कम रही, इसके बावजूद कारोबार अच्छा रहा। उनके अनुमान के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार में 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। जिले में चार पहिया वाहनों का कारोबार करीब 80 करोड़ रुपए रहा। यामाहा एजेंसी के मालिक उतकल सेठ ने बताया कि जिले में दोपहिया वाहनों समेत ऑटोमोबाइल का कारोबार 60 करोड़ रुपए से अधिक रहा। धनतेरस पर 2,500 से ज्यादा बाइकें बिकीं। इनमें तीन लाख रुपए से महंगी तीन बाइकें भी शामिल हैं। बुलेट एजेंसी पर बाइकों का स्टॉक तक खत्म हो गया। सोने-चांदी के जेवरात की खरीदारी बढ़ी सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार सोने-चांदी के भाव में अंतर रहा। पिछले साल चांदी का भाव करीब 3.20 से 3.30 लाख रुपए था, जबकि इस साल यह करीब 1.80 से 1.85 लाख रुपए रहा। इसी तरह सोने का भाव पिछले साल करीब 1.65 से 1.75 लाख रुपए था, जो इस समय करीब 1.41 से 1.42 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि पिछले साल कीमतों में अचानक उतार-चढ़ाव के कारण ग्राहक खरीदारी को लेकर असमंजस में थे। इस बार भाव में स्थिरता की उम्मीद के चलते लोगों ने खुलकर खरीदारी की। जिले में सर्राफा कारोबार में करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और 100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। शादियों वाले परिवारों ने भी धनतेरस पर जेवर खरीदने को प्राथमिकता दी। कई ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग करा रखी थी और धनतेरस पर जेवरों की डिलीवरी ली। कुछ लोगों ने चार-पांच दिन पहले खरीदारी कर सामान इसी दिन ले जाने का विकल्प चुना। शहर में करीब आधा दर्जन ब्रांडेड ज्वैलरी शोरूमों में नए डिजाइन के सोने, चांदी और हीरे के जेवर सजाए गए थे। दुकानों पर सोने की गिन्नी, ब्रिक और चांदी के विक्टोरिया सिक्कों की भी मांग रही। इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की भी खूब बिक्री इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी अलंकार ने बताया कि जिले के बाजार में करीब 10 करोड़ रुपए के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान उतारे गए थे। इनमें से करीब पांच करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। दुकानों पर टीवी, मिक्सी और वाशिंग मशीन की खरीदारी के साथ बुकिंग भी हुई। धनतेरस और दीपावली को लेकर बर्तन की दुकानें भी ग्राहकों से भरी रहीं। दुकानों पर तांबा, पीतल, कांसा, फूल, स्टील और एल्युमीनियम के बर्तन सजाए गए थे। महाराष्ट्र के स्टील के बर्तनों और जगाधरी के पीतल-तांबे के बर्तनों की भी मांग रही। पूजा के लिए आरतीदान, कटोरी, थालियां और परात की खरीदारी हुई। क्रॉकरी की दुकानों पर थर्मस, कप-प्लेट, ट्रे और सजावटी सामान भी खूब बिके। बर्तन कारोबारी मनीष और क्रॉकरी व्यापारी अरुण कुमार ने बताया कि त्योहार को देखते हुए करीब 20 करोड़ रुपए के सामान की व्यवस्था की गई थी। दीपावली तक जिले में करीब 10 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। कपड़ों की दुकानों पर भी रही भीड़ दीपावली को लेकर शहर के शोरूम, मॉल और कपड़ों की दुकानों पर भी रौनक रही। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने कूपन, छूट और उपहार की योजनाएं शुरू कीं। कपड़ा कारोबारी अमित जायसवाल ने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक करीब 15 करोड़ रुपए के नए कपड़े मंगाए गए थे। इनमें से करीब नौ करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। बोलेरो नियो खरीदकर पूरा किया सपना धनतेरस पर खरीदारी के बीच हलियापुर थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी सचिन के परिवार में भी खुशियां छाईं। सचिन ने करीब 12 लाख रुपए की बोलेरो नियो खरीदी। उन्होंने बताया कि यह गाड़ी खरीदना उनका लंबे समय से सपना था। इसे पूरा करने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। गाड़ी की डिलीवरी लेने के दौरान वह परिवार के साथ मौजूद रहे। अपनी पसंद की गाड़ी घर आने पर पूरा परिवार खुश नजर आया। ....

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User