संभल में मजार तोड़ने पहुंची पुलिस का दावा:बिहार के युवक पर केस, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित
संभल में पुलिस के मजार तोड़ने पहुंचने और मौलाना से विवाद होने का दावा करने वाला वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में बिहार के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने 19 नवंबर को मोतिहारी निवासी काजिम अंसारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का आरोप है कि वीडियो के जरिए भ्रामक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। वीडियो में बुलडोजर लेकर पहुंचने का दावा संभल कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक सतीश कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दावा किया गया कि पुलिस बुलडोजर लेकर मजार तोड़ने पहुंची थी। वहां एक मौलाना ने पुलिस अधिकारियों से कागजात मांगे, जिसके बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा। वीडियो में एक समुदाय के लोगों के भड़काऊ बयान देने जैसी बातें भी दिखाई गई हैं। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी लगाई गई है। सतीश कुमार की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस तरह की भ्रामक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट कर शहर और क्षेत्र का सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश की गई। पुलिस ने घटना को बताया भ्रामक पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में संभल में मजार तोड़ने पहुंची पुलिस से जुड़ी ऐसी कोई घटना नहीं हुई, जैसा वीडियो में दावा किया गया है। शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि उपनिरीक्षक सतीश कुमार की शिकायत पर काजिम अंसारी के खिलाफ BNS की धारा 353(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के बाहर से संभल के वीडियो और विवादित धार्मिक स्थल से जुड़े वीडियो दिखाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उन मामलों में भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एक आरोपी को पिछले साल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)