सोनभद्र में अर्नब तूफान को लेकर गांवों में अलर्ट:29-30 अक्टूबर को तेज हवाओं और बारिश की संभावना, DM ने घर से न निकलने की अपील की

Oct 29, 2026 - 10:11
0
सोनभद्र में अर्नब तूफान को लेकर गांवों में अलर्ट:29-30 अक्टूबर को तेज हवाओं और बारिश की संभावना, DM ने घर से न निकलने की अपील की
सोनभद्र में चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के दृष्टिगत सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिले में 29 और 30 अक्टूबर को तूफान का व्यापक प्रभाव पड़ने की आशंका है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान शुरू किया है। गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। बता दें कि आंध्र प्रदेश के रास्ते भारत में प्रवेश कर चुके तूफान ‘अर्णब’ का तटीय इलाकों में व्यापक असर देखने को मिला है। यह तूफान छत्तीसगढ़ के रास्ते तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की आशंका है। मौसम विभाग ने इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बादलों की गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन का जोर लोगों को समय रहते सतर्क करने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पर है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। डीएम ने कहा कि आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर ही यात्रा करें। पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों के आसपास खड़े न हों। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता से काम लें। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि मौसम को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें। मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक चेतावनियों को ही मानें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05444-297645 और आपदा हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User