लूट के आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की:जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, साथी फरार
बागपत की बड़ौत कोतवाली पुलिस ने महिला से आभूषण लूटने के आरोपी सुरेंद्र पाल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को विक्रांत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाइक सवार बदमाश ने तमंचे के बल पर उनकी पत्नी के आभूषण लूटे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। बागपत के एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने पुलिसकर्मियों को आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की घेराबंदी और जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र पाल के पैर में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र पाल गाजियाबाद का रहने वाला है। उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, आभूषण और एक मोटरसाइकिल मिली है। पूछताछ में सुरेंद्र ने बताया कि उसने साथी अमजद के साथ 21 नवंबर को बड़ौत में राज्यमंत्री की गली के सामने लूट की थी। पुलिस के रोकने पर अमजद मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में अलग-अलग जगह दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र पाल के खिलाफ अलग-अलग थानों में 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने बताया कि गाजियाबाद जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात अमजद से हुई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)