सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- यूपी का स्वास्थ्य विभाग बीमार:नवजात का शव कुत्तों के उठा ले जाने पर जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मंगलवार को बांदा पहुंचे। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवजात का शव कुत्तों के उठा ले जाने की घटना पर नाराजगी जताई। पाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। उन्होंने घटना को अस्पताल प्रशासन की लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सरकारी अस्पतालों को निजी हाथों में देने का किया विरोध मीडिया से बातचीत में पाल ने कहा कि अस्पताल के अंदर रखा नवजात का शव कुत्ते उठाकर बाहर ले गए। उन्होंने इसे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी बताया। कहा कि जब अस्पताल में नवजात का शव सुरक्षित नहीं है तो स्वास्थ्य व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। बांदा में 300 बेड के अस्पताल के संचालन और उसे निजी हाथों में देने की चर्चा पर पाल ने कहा कि सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपना आम लोगों के साथ अन्याय है। इससे गरीब लोगों को इलाज कराने में परेशानी होगी। बोले- कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में बनेगी पीडीए सरकार श्याम लाल पाल नरैनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि दौरे का मकसद संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना है। पाल ने दावा किया कि इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को हराया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर पीडीए सरकार बनेगी। बांदा में संगठन के भीतर मनमुटाव के सवाल पर पाल ने कहा कि संगठन ठीक है और उसे और मजबूत करने के लिए वह यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भाजपा पर साधा निशाना सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताने वाले बयान पर पाल ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माफिया राज खत्म करने के दावे पर पाल ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं, नौजवान और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद होने और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। SIR और बुंदेलखंड के विकास पर भी रखी बात SIR के मुद्दे पर पाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सरकार पर वोटों की चोरी कराने का आरोप लगाया। वहीं, अखिलेश यादव के प्रस्तावित घोषणापत्र में बुंदेलखंड को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं के अस्पताल, बच्चों की शिक्षा, सड़क और पुल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है। सरकार बनने पर इनका समाधान किया जाएगा। बांदा से युवाओं के पलायन और अन्ना प्रथा पर पाल ने कहा कि खेती को मजबूत किया जाएगा। हाईवे और सड़कों के किनारे बड़ी मंडियां विकसित की जाएंगी, जिससे किसानों को सुविधा और युवाओं को रोजगार मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)