स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, कई अवैध क्लिनिक और लैब सील:हाथरस में बिना पंजीकरण चल रहे पैथोलॉजी पर कार्रवाई, संचालकों को नोटिस
हाथरस में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गुरुवार दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक क्लिनिक और पैथोलॉजी लैब पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अपंजीकृत केंद्रों को सील किया गया, जबकि कई जगह नोटिस चस्पा किए गए। कुछ क्लिनिक और लैब संचालक टीम को देखकर मौके से भाग गए। मुरसान और दर्शना में कई क्लिनिक की जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने मुरसान और दर्शना में जांच की। मुरसान में डॉक्टर राय बंगाली, डॉक्टर कमल प्रसाद सिंह और डॉक्टर डोरी लाल के क्लिनिक पर टीम पहुंची। वहीं, दर्शना रेलवे फाटक के पास चौधरी क्लिनिक और श्री शिव कुमार के क्लिनिक की भी जांच की गई। टीम को देखकर संचालक भाग गए, जिसके बाद वहां नोटिस चस्पा किए गए। डॉ. महेश कुमार का क्लिनिक वैध पंजीकरण नहीं होने पर सील कर दिया गया। मंडलीय संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय और डिप्टी CMO की टीम ने हाथरस जंक्शन के रामपुर इलाके में डॉ. विनोद कुमार का केंद्र अपंजीकृत मिलने पर सील किया। पैथोलॉजी लैब पर भी हुई कार्रवाई डॉ. मधुर कुमार, ACMO ने सासनी स्थित कृष्णा पैथोलॉजी को नोटिस दिया। डॉ. आरएन सिंह, डिप्टी CMO ने महारारा में दिगंबर सिंह और रवि कुमार के क्लिनिक पर नोटिस चस्पा किए। दाऊजी और मानिकपुर स्थित कवि डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक टीम को देखकर भाग गए। वहां भी नोटिस लगाए गए। डिप्टी CMO डॉ. प्रवीण भारती ने पैथोलॉजी लैब की जांच की। तालाब चौराहे पर नाइस पैथोलॉजी लैब बिना डॉक्टर और पंजीकरण के संचालित मिली। टीम ने मौके पर इसका संचालन बंद करा दिया। इसी चौराहे पर बांके बिहारी पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया। नगर पालिका गेट के पास राधे डायग्नोस्टिक सेंटर और बागला अस्पताल के बराबर में ओम डायग्नोस्टिक सेंटर बंद मिले। टीम के मुताबिक, संचालक मौके से भाग गए थे। इसके बाद दोनों केंद्रों पर नोटिस चस्पा किए गए। सादाबाद और सिकंद्राराऊ क्षेत्र में भी कार्रवाई सादाबाद में एक डॉक्टर की दुकान के दोनों दरवाजे सील कर सीजर मेमो चस्पा किया गया। कुरसंडा में अपंजीकृत चिकित्सक की दुकान पर नोटिस दिया गया। ग्लोबल पैथोलॉजी, सादाबाद को भी नोटिस जारी किया गया। गांव अगसौली में अवैध रूप से चल रहे क्लिनिक और पैथोलॉजी को सील कर दिया गया। रतिभानपुर में डॉ. राहुल क्लिनिक और महिमा क्लिनिक पर भी सील लगाने की कार्रवाई की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)