उजेद कुरैशी को ले जाने जम्मू-कश्मीर पुलिस पहुंची मेरठ:आज ट्रांजिट रिमांड पर सुनवाई, दर्जनभर पुलिसकर्मियों ने कोतवाली में कराई आमद, पहले होगा मेडिकल
जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश के मामले में मेरठ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए उजेद कुरैशी को अब जम्मू-कश्मीर पुलिस अपने साथ ले जाएगी। उजेद की कस्टडी लेने के लिए मंगलवार देर रात जम्मू-कश्मीर पुलिस की करीब दर्जनभर सदस्यीय टीम मेरठ पहुंच गई। टीम ने कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई। आज जम्मू-कश्मीर पुलिस उजेद को मेरठ के मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल करेगी। रिमांड मिलने के बाद ही पुलिस उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर लेकर रवाना होगी। दरअसल, उजेद कुरैशी जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक मुकदमे में करीब एक साल से वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ 24 नवंबर 2025 को मुकदमा संख्या 331/2025 धारा 113(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में उसकी तलाश की जा रही थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 18 जनवरी, 2026 और 21 फरवरी, 2026 को उजेद की तलाश में दबिश भी दी थी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से ही उसकी निगरानी की जा रही थी। मेरठ पुलिस की गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसे अपने मुकदमे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ट्रांजिट रिमांड जरूरी है। बुधवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष अर्जी लगाने के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस को केस डायरी की प्रति, एफआईआर और संबंधित वारंट की कॉपी उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही यह भी बताना होगा कि उजेद को जम्मू-कश्मीर पहुंचाने में कितना अनुमानित समय लगेगा। मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी रिमांड पर सुनवाई ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने से पहले उजेद का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। डॉक्टर की रिपोर्ट मजिस्ट्रेट के सामने प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद अदालत पुलिस की अर्जी और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ट्रांजिट रिमांड पर निर्णय लेगी। अदालत से अनुमति मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस उजेद को अपनी कस्टडी में लेकर रवाना हो सकेगी। पहले जानिए क्या कहता है नियम नियमानुसार, गिरफ्तार व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करना जरूरी है। हालांकि दूसरे राज्य में ले जाने की स्थिति में यात्रा का समय इस अवधि में शामिल नहीं होता। ऐसे में जम्मू-कश्मीर पुलिस मेरठ से ट्रांजिट रिमांड लेकर उजेद को वहां ले जाएगी और निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित अदालत में पेश करेगी। ऐसे पूरी होगी ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया - मेरठ के मजिस्ट्रेट के सामने ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की जाएगी।
- केस डायरी, एफआईआर और वारंट की प्रति के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज अदालत में देने होंगे।
- उजेद कुरैशी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट मजिस्ट्रेट के सामने रखी जाएगी।
- पुलिस को बताना होगा कि मेरठ से जम्मू-कश्मीर पहुंचने में कितना समय लगेगा और आरोपी को कब तक संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।
- दस्तावेजों और परिस्थितियों को देखने के बाद मजिस्ट्रेट ट्रांजिट रिमांड पर निर्णय लेंगे।
- रिमांड मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस उजेद को अपनी कस्टडी में लेकर रवाना होगी और निर्धारित समय में वहां की अदालत में पेश करेगी। अब जानते हैं ट्रांजिट रिमांड को ट्रांजिट रिमांड दूसरे राज्य की पुलिस को किसी आरोपी को उस राज्य तक ले जाने के लिए स्थानीय अदालत से मिलने वाली अस्थायी न्यायिक अनुमति है, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इसका उद्देश्य आरोपी को एक राज्य से दूसरे राज्य तक कानूनी प्रक्रिया के तहत पहुंचाना है। हापुड़ में रिश्तेदारी से आंध्र प्रदेश तक छिपता रहा जांच में सामने आया है कि उजेद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वह काफी समय तक हापुड़ में अपनी रिश्तेदारी में छिपकर रहा। बीच-बीच में जमात में भी जाता रहा। इसके अलावा उसने काफी लंबा समय आंध्र प्रदेश में भी बिताया। वह कभी-कभी अपने घर भी आता था लेकिन इस दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियों की भनक नहीं लगने दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस की दो पूर्व दबिशों के बावजूद उसका हाथ नहीं लगना भी उसकी लगातार बदलती लोकेशन की ओर इशारा करता है। पिता के फल कारोबार से शुरू हुआ कश्मीर आना-जाना उजेद के जम्मू-कश्मीर से संपर्कों की पड़ताल में उसके पिता का फल कारोबार भी महत्वपूर्ण कड़ी बनकर सामने आया है। बताया गया है कि उजेद के पिता का कश्मीर में फल का कारोबार था। इसी कारोबार के सिलसिले में उनका जम्मू-कश्मीर आना-जाना होता था। बाद में उजेद का भी कश्मीर जाना शुरू हो गया। उजेद के कांटेक्ट तलाश रही पुलिस जांच में आशंका जताई गई है कि कश्मीर में आवाजाही के दौरान ही उजेद पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में आया। इसके बाद उसके संपर्कों और गतिविधियों की दिशा बदलने लगी। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि फल कारोबार की आड़ में उसके संपर्क किन लोगों से बने, पाकिस्तानी हैंडलरों से उसकी मुलाकात कैसे हुई और उसके बाद वह किन गतिविधियों में शामिल रहा। डिस्ट्रॉय फोन व सिम को रिकवर भी कराने की तैयारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)