विदाई के अगले दिन दुल्हन की मौत:पति समेत 5 लोगों पर दहेज हत्या का केस, 6 महीने पहले की थी लवमैरिज
मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेराघाट गांव में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। पति फरार है और पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। आजमगढ़ जिले के सिकरौरा गांव निवासी दुक्खी चौहान की बेटी अस्का चौहान (22) की शादी 7 मई 2026 को डेराघाट गांव के हरिश्चंद्र चौहान से हुई थी। शादी के बाद अस्का मायके में रह रही थी। 13 नवंबर को गवना की रस्म के बाद वह ससुराल आई थी। अगले दिन, 14 नवंबर की सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने पर घोसी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मायके पक्ष के लोग भी डेराघाट गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घोसी के क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)