विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस की युवकों से झड़प:कानपुर में समझाने पर नहीं माने तो लाठियां चलाईं, एसीपी बोले- जांच कर कार्रवाई होगी

Oct 29, 2026 - 12:05
0
विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस की युवकों से झड़प:कानपुर में समझाने पर नहीं माने तो लाठियां चलाईं, एसीपी बोले- जांच कर कार्रवाई होगी
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-3 में देर रात दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस की कुछ युवकों से झड़प हो गई। कहासुनी बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने युवकों पर लाठियां चला दीं। घटना का वीडियो गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में लाठी चलाते दिख रहे पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज कराए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, आवास विकास-3 में बुधवार देर रात करीब 12 बजे दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान कुछ युवकों की पुलिसकर्मियों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक पुलिस से भिड़ने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने लाठियां चलानी शुरू कर दीं। मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मोबाइल से बनाया वीडियो घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पुलिस की कार्रवाई का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। गुरुवार सुबह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, वायरल वीडियो से विवाद की शुरुआत और झड़प की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस की कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। एसीपी बोले- पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज होंगे एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में लाठी चलाते दिख रहे पुलिसकर्मियों के बयान भी दर्ज कराए जाएंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User