वंदे भारत स्लीपर में पहले दिन ही सीटें फुल:कानपुर से दिल्ली का सफर 5 घंटे 25 मिनट में, जानिए किराया
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की बुकिंग शुरू हो गई है। वंदे भारत स्लीपर का उद्घाटन शनिवार को कर दिया गया था। ट्रेन का नियमित संचालन सोमवार से शुरू होगा। वंदे भारत स्लीपर में टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों ने सीटें बुक करानी शुरू कर दीं। कानपुर सेंट्रल से वाराणसी के बीच पहले दिन की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। वहीं, 5 नवंबर को इस रूट पर वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है और रिग्रेट की स्थिति बन गई है। वाराणसी से दिल्ली के लिए 2, 3, 4 और 5 नवंबर को फर्स्ट AC की सभी सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। 5 घंटे 25 मिनट में पहुंचे दिल्ली ट्रेन संख्या 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। खास बात यह है कि ट्रेन का किराया राजधानी एक्सप्रेस के मुकाबले कम रखा गया है। वहीं, कानपुर से नई दिल्ली पहुंचने में यह ट्रेन करीब 5 घंटे 25 मिनट लेगी। जानें कानपुर से दिल्ली का किराया रेलवे ने कानपुर से नई दिल्ली तक वंदे भारत स्लीपर में थर्ड AC का किराया 1110 रुपये, सेकंड AC का 1430 रुपये और फर्स्ट AC का 1755 रुपये निर्धारित किया है। कानपुर से नई दिल्ली पहुंचने में यह ट्रेन करीब 5 घंटे 25 मिनट लेगी। कानपुर से वाराणसी के बीच थर्ड AC का किराया 1110 रुपये, सेकंड AC का 1305 रुपये और फर्स्ट AC का 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, वाराणसी से नई दिल्ली तक थर्ड AC का किराया 1915 रुपये, सेकंड AC का 2470 रुपये और फर्स्ट AC का 3030 रुपये है। सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुक्रवार को वाराणसी से इसका संचालन नहीं होगा। इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी के लिए ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें फर्स्ट AC का एक, सेकंड AC के चार और थर्ड AC के 11 कोच शामिल हैं। वाराणसी से दिल्ली जाने का समय ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी। प्रयागराज में रात 10:35 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 10:40 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल पर रात 12:40 बजे पहुंचेगी और 12:45 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद अलीगढ़ सुबह 3:55 बजे और गाजियाबाद सुबह 5:25 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नई दिल्ली सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी। दिल्ली से वाराणसी लौटने का समय ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी। गाजियाबाद रात 10:13 बजे पहुंचेगी और 10:15 बजे रवाना होगी। अलीगढ़ रात 11:20 बजे पहुंचकर 11:23 बजे रवाना होगी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर रात 2:45 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 2:50 बजे रवाना होगी। प्रयागराज सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी और 5:10 बजे रवाना होकर वाराणसी सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी। नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू होने से कानपुर के यात्रियों को दिल्ली और वाराणसी के बीच सफर का एक और विकल्प मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)