यमुना एक्सप्रेसवे पर अब 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार:नई सीमा 25 नवंबर से 15 फरवरी 2027 तक रहेगी लागू
सर्दियों में कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा कम करने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटाई जाएगी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इसे 100 से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा करने का प्रस्ताव रखा है। नई व्यवस्था 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। यीडा के महाप्रबंधक (परियोजना) ने एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी को पत्र भेजकर जरूरी इंतजाम समय पर करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में पिछले साल 15 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक लागू व्यवस्था का हवाला दिया गया है। इसमें इस बार भी सुरक्षा नियमों का पालन कराने को कहा गया है। गति सीमा में बदलाव की जानकारी चालकों तक पहुंचाने के लिए एक्सप्रेसवे पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसकी जानकारी समाचार पत्रों में भी प्रकाशित कराई जाएगी। एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड फैसिलिटी पर पर्चे लगाए जाएंगे। टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम से लगातार घोषणाएं होंगी और एफएम रेडियो पर सुरक्षा निर्देश प्रसारित किए जाएंगे। प्रवेश और निकास द्वारों पर बड़े डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएंगे। यीडा ने कई जगह साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिव टेप कम होने पर उन्हें तुरंत ठीक करने को कहा है। सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। शनिवार, रविवार और छुट्टियों में बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए टोल प्लाजा पर अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि वाहनों की लंबी कतार न लगे और टोल टैक्स चुकाने में परेशानी न हो। प्राधिकरण ने संचालक कंपनी को पहले जारी निर्देशों का हवाला देते हुए सभी सात बिंदुओं पर तुरंत काम करने को कहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)