सीट बंटवारे का आधार तय करने में हो रही मुश्किल:सपा 2022 तो कांग्रेस 2024 चुनाव के लिहाज से मांग रही सीट; 3 फॉर्मूलों पर मंथन

Nov 24, 2026 - 18:53
0
सीट बंटवारे का आधार तय करने में हो रही मुश्किल:सपा 2022 तो कांग्रेस 2024 चुनाव के लिहाज से मांग रही सीट; 3 फॉर्मूलों पर मंथन
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर टकराव बढ़ने लगा है। सीटों की मांग और ऑफर को लेकर दोनों के बीच बड़ा फासला है। टकराव की वजह दोनों दलों के चुनावी आंकड़ों को देखने का अलग-अलग नजरिया है। सपा 2022 के विधानसभा चुनाव को आधार बनाकर कांग्रेस की ताकत आंक रही है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उसकी स्थिति बदल चुकी है। अब उसे पुराने प्रदर्शन के आधार पर नहीं आंका जा सकता। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने 26 सीटों के प्रस्ताव पर कहा, ‘हम किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं। कांग्रेस अब 2022 वाली पार्टी नहीं रह गई है।’ मंगलवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच करीब साढ़े तीन घंटे बैठक हुई। बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने बताया कि सभी 403 सीटों पर चर्चा हुई है। बातचीत आगे भी जारी रहेगी। सीटों की यह खींचतान सिर्फ संख्या का मामला नहीं है। इसके पीछे गठबंधन में राजनीतिक दबदबे और नेतृत्व की लड़ाई भी है। सपा अपनी सबसे बड़ी सहयोगी की भूमिका बनाए रखना चाहती है, तो कांग्रेस अपनी बढ़ी हुई ताकत के मुताबिक हिस्सेदारी चाहती है। तीन फॉर्मूले जिन पर बन सकती है बात… पहला फॉर्मूला: कांग्रेस को 90 सीट, 35 पर उम्मीदवार सपा देगी सपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पार्टी कांग्रेस को 55 से 60 सीटें देने को तैयार है। इसके अलावा 30 से 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर उतारने का विकल्प भी दे सकती है। इससे सपा अपने मजबूत प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के साथ कांग्रेस के खाते में सीटों की संख्या बढ़ा सकती है। दूसरा फॉर्मूला: 100-125 सीटें कांग्रेस को, 60-70 पर अपने उम्मीदवार कांग्रेस से जुड़े एक नेता के मुताबिक, पार्टी 100 से 125 सीटें चाहती है। इनमें 60 से 70 सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी उतारना चाहती है। बाकी सीटों पर कांग्रेस के सिंबल से सपा के उम्मीदवार उतारे जा सकते हैं। इस व्यवस्था में कांग्रेस अपना संगठन और राजनीतिक विस्तार करने का मौका मिलेगा, जबकि सपा के मजबूत उम्मीदवारों को भी गठबंधन में जगह मिल सकती है। तीसरा फॉर्मूला: लोकसभा चुनाव की तर्ज पर सीटों का बंटवारा 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस को 80 में से 17 सीटें दी थीं। यह करीब 21.25 प्रतिशत हिस्सा था। इसी अनुपात को विधानसभा चुनाव में लागू किया जाए तो कांग्रेस के हिस्से में करीब 86 सीटें आती हैं। इस फॉर्मूले के तहत कांग्रेस कम से कम 85 सीटों की दावेदारी कर सकती है। कांग्रेस अपने कब्जे वाली लोकसभा सीटों के विधानसभा क्षेत्रों के साथ हर जिले में कम से कम एक सीट चाहती है। इन तीनों फॉर्मूलों में एक बात समान है- दोनों दल अपने-अपने मजबूत उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं। विवाद इस बात पर है कि किस सीट पर किस दल का उम्मीदवार गठबंधन के लिए ज्यादा उपयोगी होगा। सपा का गणित: कांग्रेस को 26 सीटें, 20 पर सपा के वोट का भरोसा सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों की जो सूची दी है, उसमें दो ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी। रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना और फरेंदा से वीरेंद्र चौधरी जीते थे। चार सीटों मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर सपा का तर्क है कि वहां उसके पास मजबूत वोट है। रामगोपाल यादव के मुताबिक, इन सीटों पर 2022 में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब 2 हजार वोट मिले। सपा का कहना है कि इन सीटों पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर उसके मजबूत प्रत्याशियों को उतारने से गठबंधन को फायदा हो सकता है। इस सूची का दूसरा पहलू यह है इन 26 सीटों में 16 पर 2022 में कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई थी। ऐसे में सपा अपने प्रस्ताव को कांग्रेस की मौजूदा विधानसभा ताकत के मुकाबले ज्यादा सीट देने के रूप में पेश कर रही है। 26 सीटों की सूची में 10 ऐसी हैं, जहां 2022 में सपा के साथ रहे सहयोगी दलों ने चुनाव लड़ा था। इनमें नौ सीटें रालोद, जबकि वाराणसी की पिंडरा सीट अपना दल (कमेरावादी) के पास थी। कांग्रेस अपनी छह लोकसभा सीटों- रायबरेली, अमेठी, सहारनपुर, बाराबंकी, सीतापुर और प्रयागराज के विधानसभा क्षेत्रों में अपनी दावेदारी मजबूत मानती है। इसके अलावा हर जिले में कम से कम एक सीट चाहती है। यानी कांग्रेस केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी और संगठन के विस्तार के लिए भी जगह चाहती है। जबकि, हैरत की बात है कि 26 सीटों की लिस्ट में अमेठी और रायबरेली की सीटें शामिल नहीं हैं। वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ कलहंस इस पर कहते हैं कि राहुल और प्रियंका की सक्रियता के कारण कांग्रेस इनको अपनी राजनीतिक ताकत मानती है। सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद के प्रभाव वाले क्षेत्र की किसी विधानसभा सीट को भी प्रस्ताव में जगह नहीं मिली। लखनऊ में भी कांग्रेस के लिए कोई सीट नहीं छोड़ी गई। इसका राजनीतिक अर्थ यह हो सकता है कि सपा, कांग्रेस को उन क्षेत्रों में विस्तार का मौका नहीं देना चाहती, जहां कांग्रेस अपने बड़े नेताओं और संगठन के दम पर मजबूती चाहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User