यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर में घुसी एंबुलेंस:चालक गंभीर, गाड़ी क्षतिग्रस्त; झपकी आने से हादसा
मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 5 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 75.200 के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही निजी एंबुलेंस आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे वह आगे चल रहे कंटेनर को नहीं देख पाया और एंबुलेंस सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद चालक वाहन के अंदर फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पेट्रोलिंग टीम को सुबह 5:10 बजे मिली सूचना घटना की सूचना सुबह करीब 5:10 बजे यमुना एक्सप्रेसवे की हाईवे पेट्रोलिंग टीम को मिली। इसके बाद नौहझील थाना क्षेत्र की बाजना कट मोबाइल पुलिस टीम और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए आगरा भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। आगरा का रहने वाला है घायल चालक हादसे में घायल चालक की पहचान राहुल कुमार पुत्र महेश चंद्र निवासी कलेसर, थाना एत्मादपुर, जिला आगरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को सड़क से हटवाकर यार्ड में खड़ा करा दिया गया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई गई है। पुलिस मामले में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)