कावेरी बांध पर कांग्रेस में घमासान! डीके शिवकुमार को अपनी ही पार्टी ने घेरा
कर्नाटक में मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर कांग्रेस के भीतर मतभेद सामने आए हैं। डी.के. शिवकुमार की केंद्र से मंजूरी की मांग पर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर ने विरोध जताया है।
दि राइजिंग न्यूज़ | कर्नाटक | 14 नवंबर 2026
कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर कांग्रेस के भीतर ही विवाद खड़ा हो गया है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार जहां इस परियोजना को जल्द मंजूरी दिलाने की मांग कर रहे हैं, वहीं तमिलनाडु कांग्रेस ने उनके बयान का कड़ा विरोध किया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के दोनों राज्यों के नेता आमने-सामने आ गए हैं। विवाद ने कावेरी जल बंटवारे को लेकर दोनों राज्यों के बीच पहले से जारी तनाव को एक बार फिर बढ़ा दिया है।
दरअसल, 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में डी.के. शिवकुमार ने केंद्र सरकार से मेकेदातु बांध परियोजना के लिए जरूरी कानूनी मंजूरियों में तेजी लाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला कर्नाटक में इस परियोजना के निर्माण का समर्थन करता है और इसे कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने केंद्र से इस मामले में कानूनी मदद और अंतिम मंजूरी दिलाने का आग्रह किया।
तमिलनाडु कांग्रेस ने जताया विरोध
डी.के. शिवकुमार के बयान पर तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री का रवैया अड़ियल है और उनके बयान उच्चतम न्यायालय तथा कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के फैसलों की अनदेखी करते हैं। टैगोर ने कहा कि ऐसा रवैया तमिलनाडु के किसानों के हितों और उनकी आजीविका के खिलाफ है।
टैगोर का तर्क है कि कर्नाटक कावेरी नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित है, जबकि तमिलनाडु निचले हिस्से में आता है। ऐसे में कर्नाटक अकेले ऐसी कोई परियोजना शुरू नहीं कर सकता, जिसका असर तमिलनाडु के जल अधिकारों पर पड़े। तमिलनाडु की विजय सरकार और उसकी सहयोगी द्रमुक भी मेकेदातु बांध परियोजना का विरोध कर रही हैं।
इस विवाद ने कांग्रेस के सामने भी राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ कर्नाटक में कांग्रेस सरकार परियोजना को आगे बढ़ाना चाहती है, वहीं तमिलनाडु में कांग्रेस के नेता इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में कावेरी जल विवाद अब केवल दो राज्यों के बीच का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि कांग्रेस के भीतर भी मतभेद का कारण बन गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)