यूपी चुनाव 2027 का BJP ने फूंका बिगुल! घर-घर जाकर जोड़े जाएंगे नए वोटर, जानें तारीखें!
लखनऊ में भाजपा की बैठक में मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने की रणनीति बनाई गई। 22 नवंबर को घर-घर संपर्क अभियान चलेगा। इसके बाद 28 से 30 नवंबर तक महिला और 1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाता जोड़ो अभियान आयोजित किया जाएगा।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 13 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने की तैयारी तेज कर दी है। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक में मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम जुड़वाने को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर ऐसे लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए गए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
बैठक में तय किया गया कि 22 नवंबर को पार्टी के सभी पदाधिकारी किसी न किसी बूथ पर पहुंचकर अभियान में हिस्सा लेंगे। बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और बीएलए-2 मिलकर घर-घर संपर्क करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची के आधार पर छूटे हुए लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें ऑनलाइन या ऑफलाइन फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में शामिल कराने में मदद की जाएगी।
पार्टी ने विशेष रूप से उन युवाओं पर ध्यान देने का निर्णय लिया है, जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी। इसके अलावा शादी के बाद ससुराल में रहने वाली ऐसी महिलाओं के नाम भी जुड़वाने पर जोर दिया गया है, जिनका नाम संबंधित क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
महिला मतदाताओं के लिए 28 से 30 नवंबर तक अभियान
भाजपा महिला मोर्चा की अगुवाई में 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसमें महिला पदाधिकारियों और महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। घर-घर संपर्क कर शादी के बाद ससुराल आई महिलाओं और अन्य पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास होगा।
युवा मतदाताओं पर भी रहेगा विशेष ध्यान
युवा मतदाता जोड़ो अभियान 1 से 3 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित करने के साथ शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जा सकें।
बैठक में यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत की सूची, राशन कार्ड, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और अन्य उपलब्ध सूचियों के माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान की जा सकती है, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता कमलसाथी ऐप के माध्यम से बूथ और विधानसभा स्तर की सूचियां भी प्राप्त कर सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)