यूपी में चुनावी हलचल तेज! अखिलेश का घोषणा पत्र, ओवैसी-चंद्रशेखर की महारैली और कांग्रेस का मार्च!
संविधान दिवस पर यूपी की राजनीति में हलचल तेज। अखिलेश यादव जारी करेंगे पीडीए घोषणा पत्र, ओवैसी-चंद्रशेखर करेंगे महारैली और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे कांग्रेस के कार्यक्रम में।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रदेश में सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति और राजनीतिक एजेंडे के साथ मैदान में उतर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपना पीडीए घोषणा पत्र जारी करेंगे। वहीं, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी लखनऊ में संयुक्त महारैली करेंगे। कांग्रेस भी संविधान रक्षा कार्यक्रम के जरिए अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाएगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी।
समाजवादी पार्टी संविधान दिवस पर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। इसे 'जन-मन का मैनिफेस्टो' और 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया गया है। अखिलेश यादव इस घोषणा पत्र के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ महिलाओं और युवाओं को अपने राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रखने की तैयारी में हैं। इसमें संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जोर दिया जाएगा। महिलाओं, किसानों, युवाओं और कर्मचारियों से जुड़े वादे भी इसमें शामिल किए गए हैं।
दूसरी ओर, चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली करेंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस रैली में बहुजन अधिकार, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपने राजनीतिक गठबंधन और सामाजिक आधार को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस भी संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस की योजना नेहरू भवन से हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालने की थी, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित करने की तैयारी है। वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यालय से लेकर विभिन्न जिलों में संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान संविधान सभा और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)