ताजमहल में पर्यटकों के बीच बंदरों का झुंड, VIDEO:मुख्य गुंबद के पास घूम रहे, कई बार पर्यटकों को काट चुके हैं बंदर
आगरा में ताजमहल में बंदरों का आतंक पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्मारक परिसर में बंदरों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं। कई बार बंदर विदेशी पर्यटकों को काट चुके हैं। पर्यटकों के हाथों से खाने का सामान झपट्टा मारकर छीनने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। अब ताजमहल परिसर में बंदरों के बड़े झुंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में ताजमहल के अंदर बड़ी संख्या में बंदर एक साथ दिखाई दे रहे हैं। परिसर में सैकड़ों बंदरों का झुंड घूमता नजर आ रहा है। वीडियो ताजमहल में मौजूद पर्यटकों ने बनाया है। वीडियो में दिख रहा है कि मुख्य गुंबद के पास पर्यटकों की लाइन लगी है। वहीं पास में ही बड़ी संख्या में बंदर गुजर रहे हैं। इससे पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़ा हो गया है।
ताजमहल देखने आने वाले पर्यटक गेट के बाहर खाने का सामान लेकर आते हैं। हाथ में आइसक्रीम या अन्य सामान देखकर बंदर अचानक झपट्टा मारते हैं और पर्यटकों के हाथों से खाने की चीजें छीनकर भाग जाते हैं।
बंदरों के हमले का खतरा खासतौर पर बच्चों के लिए बना रहता है। पूर्व में बंदरों के काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद परिसर में बंदरों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आ रहा है।
ताजमहल दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। परिसर में बंदरों के झुंड की मौजूदगी और उनके हमले की घटनाएं पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ ताजमहल की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)